खमतराई में कारोबारी के अपहरण का सनसनीखेज आरोप, मोबाइल बंद; पुलिस और क्राइम ब्रांच तलाश में जुटी

kidnapping_260kb

रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। डीएम टावर के पास से कारोबारी प्रतीक राय को काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार कुछ लोगों द्वारा जबरन ले जाने का आरोप लगाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। कारोबारी का मोबाइल फोन भी घटना के बाद से बंद बताया जा रहा है।

परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद कारोबारी की पत्नी अनिता राय ने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, प्रतीक राय घर से खाना खाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें बातचीत करने के बहाने नीचे बुलाया। आरोप है कि जैसे ही वह नीचे पहुंचे, काले रंग की स्कॉर्पियो में मौजूद 3-4 लोगों ने उन्हें जबरन वाहन में बैठा लिया और मौके से फरार हो गए।

इसके बाद से प्रतीक राय का मोबाइल फोन बंद है। लंबे समय तक संपर्क नहीं होने के कारण परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर कथित अपहरण की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल जांच में स्कॉर्पियो की पहचान और उसमें सवार संदिग्धों तक पहुंचना पुलिस की प्राथमिकता है। वाहन के नंबर के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। घटना के बाद संभावित रास्तों पर नाकेबंदी भी की गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए खमतराई थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों के जरिए कारोबारी की संभावित लोकेशन और घटना में शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल पुलिस कारोबारी की तलाश में जुटी है और पूरे घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

रीसेंट पोस्ट्स