पुलिस अभिरक्षा से आरोपी फरार, जवानों को दांत से काटकर भागा; जंजीर समेत फरार

aropi farar

जशपुर। जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा से एक आरोपी के फरार होने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भागने की कोशिश की और उसे पकड़ने पहुंचे दो जवानों को दांत से काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कुनकुरी क्षेत्र के दीपाटोली निवासी आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने उसे पकड़ने के बाद मोटरसाइकिल से कुनकुरी थाना लाने की कार्रवाई शुरू की। आरोपी को दो पुलिसकर्मियों के बीच बाइक पर बैठाया गया था।

बताया जा रहा है कि ईशा क्लिनिक के पास पहुंचते ही आरोपी ने अचानक जोरदार झटका दिया। इससे मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। बाइक के गिरते ही आरोपी मौके से भागने लगा। दोनों पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, जिसके बाद काफी देर तक मौके पर झूमाझटकी होती रही।

इसी दौरान आरोपी ने खुद को छुड़ाने के लिए दोनों जवानों को दांत से काट लिया, जिससे वे घायल हो गए। पुलिसकर्मियों ने आरोपी को काबू करने का प्रयास किया, लेकिन वह मौका पाकर जंजीर समेत फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की अलग-अलग टीमें आसपास के इलाकों और आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी इससे पहले भी पुलिस को चकमा देकर फरार हो चुका है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

रीसेंट पोस्ट्स