गरबा आयोजनों को लेकर विवाद तेज, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष की अपील- अनुमति लेकर शामिल हों मुस्लिम युवक; बजरंग दल ने रखीं 14 मांगें

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवरात्रि के दौरान होने वाले गरबा आयोजनों को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने मुस्लिम युवाओं से गरबा में शामिल होने से पहले आयोजन समिति से अनुमति लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गरबा धार्मिक आस्था से जुड़ा आयोजन है और मुस्लिम समाज की इसमें धार्मिक आस्था नहीं है।
डॉ. सलीम राज ने कहा कि इस्लाम में मूर्ति पूजा का प्रावधान नहीं है, ऐसे में मुस्लिम युवाओं को गरबा में शामिल होने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, यदि कोई मुस्लिम युवक गरबा में शामिल होना चाहता है तो उसे आयोजन समिति की अनुमति लेने, अपना नाम दर्ज कराने और आयोजन के निर्धारित नियमों का पालन करने की बात कही गई है।
उन्होंने मुस्लिम युवाओं से अपनी मां और बेटियों के साथ गरबा में शामिल होने तथा दूसरे समाज की महिलाओं के साथ गरबा नहीं करने की अपील भी की। डॉ. सलीम राज ने गरबा आयोजनों के दौरान छेड़छाड़ और कथित ‘लव जिहाद’ के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपनी पहचान छिपाकर या नाम बदलकर गरबा में शामिल होता है तो उसके खिलाफ FIR दर्ज की जानी चाहिए। उन्होंने गरबा को मनोरंजन या पर्यटन का माध्यम बनाने के बजाय धार्मिक आयोजन की मर्यादा बनाए रखने पर जोर दिया।
वहीं, गरबा आयोजनों को लेकर बजरंग दल ने भी प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखी हैं। रायपुर जिला संयोजक भूषण साहू ने कहा कि गरबा धार्मिक आयोजन हैं और इन्हें केवल मनोरंजन या इवेंट के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। संगठन ने धार्मिक मर्यादाओं का पालन नहीं होने पर विरोध की चेतावनी दी है।
बजरंग दल ने कलेक्टर को दिए आवेदन में गरबा समितियों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है। संगठन ने गैर-हिंदुओं की एंट्री पर रोक लगाने के साथ ही सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़े कुल 14 बिंदु प्रशासन के सामने रखे हैं।
आवेदन में गरबा पंडालों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए अलग प्रवेश और निकास व्यवस्था, पहचान पत्रों की जांच, सुरक्षा जांच, CCTV कैमरों की व्यवस्था और महिला सुरक्षा कर्मियों की तैनाती जैसी मांगें शामिल हैं। बजरंग दल ने यह भी कहा है कि किसी महिला की ओर से छेड़छाड़ या अभद्र व्यवहार की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
