ATM कार्ड बदलकर 40 हजार की ठगी: SBI ATM में युवक ने पिन देखा, कार्ड बदला और चार किस्तों में निकाले रुपये

कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर 40 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। उरगा स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम में रुपये निकालने पहुंचे एक व्यक्ति को अज्ञात युवक ने बातचीत में उलझाकर उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। आरोपी ने पहले उसका पिन देख लिया और बाद में बदले हुए कार्ड के जरिए बैंक खाते से चार अलग-अलग किस्तों में 40 हजार रुपये निकाल लिए।
ग्राम अखरापाली निवासी 56 वर्षीय देवकरन बघेल ने पुलिस को बताया कि वह 2 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे उरगा स्थित एसबीआई के एटीएम में रुपये निकालने गया था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उसके पीछे आकर खड़ा हो गया। आरोप है कि युवक ने एटीएम का पिन देख लिया।
इसके बाद सफेद शर्ट और जींस पहने युवक ने देवकरन से कहा कि वह एटीएम कार्ड सही तरीके से नहीं लगा रहे हैं। उसने कार्ड लगाने का तरीका बताने के बहाने बातचीत शुरू की और खुद कार्ड डालकर दिखाया। इसी दौरान आरोपी ने चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल लिया और मौके से चला गया।
देवकरन ने बाद में बदले हुए कार्ड से रुपये निकालने की कोशिश की, लेकिन गलत कार्ड और पिन के कारण पैसे नहीं निकल सके। इसके बाद वह घर लौट गए। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर बैंक खाते से रुपये निकाले जाने के लगातार मैसेज आने लगे। जांच करने पर पता चला कि खाते से चार बार में कुल 40 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं।
ठगी का एहसास होते ही देवकरन ने उरगा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान के लिए एटीएम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
