न्यू दिल्ली स्वीट्स का वीडियो वायरल, टॉयलेट में धोए जा रहे थे होटल के बर्तन; स्वच्छता व्यवस्था पर उठे सवाल

download

कोरबा। निहारिका क्षेत्र स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में होटल के बर्तन टॉयलेट के अंदर धोते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस घटना ने होटल की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, होटल पहुंचे एक ग्राहक की नजर जब बाथरूम में बर्तन धो रही महिला कर्मचारी पर पड़ी तो उसने इसका वीडियो बना लिया। वीडियो में महिला कर्मचारी टॉयलेट पॉट के ठीक पास फर्श पर बर्तन धोती नजर आ रही है। इसके बाद ग्राहक ने वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद जब होटल कर्मचारियों से इस संबंध में सवाल किया गया तो उन्होंने बताया कि किसी इमरजेंसी की वजह से बर्तन वहां धुलवाए जा रहे थे। हालांकि, होटल के बर्तनों को टॉयलेट के पास धोने की व्यवस्था पर अब स्वच्छता मानकों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में वायरल वीडियो में दिखाई दे रही स्थिति को लेकर लोग खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

मामले को लेकर होटल के मैनेजर मुकेश स्वर्णकार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग होटल प्रबंधन के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।