ACB का बड़ा एक्शन: कुरूद तहसील कार्यालय में 10 हजार की रिश्वत लेते आरोपी गिरफ्तार

धमतरी/कुरूद। धमतरी जिले के कुरूद तहसील कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भुवनेश्वर कुमार सूर्यवंशी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर जमीन के डायवर्सन संबंधी कार्य कराने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, रियल एस्टेट कारोबारी प्रशांत चंद्राकर अपने जमीन के डायवर्सन संबंधी कार्य के लिए तहसील कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि उक्त काम के बदले भुवनेश्वर कुमार सूर्यवंशी ने उनसे 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी ACB को दी।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने आरोपी को पकड़ने के लिए योजना तैयार की। तय योजना के तहत ACB की टीम कुरूद तहसील कार्यालय पहुंची और शिकायतकर्ता को आरोपी के पास रिश्वत की रकम लेकर भेजा।
जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये स्वीकार किए, ACB की टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों द्वारा प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
