दुर्ग स्टेशन पर मिलेगी प्रीमियम खानपान सुविधा, जल्द खुलेंगे 2 ब्रांडेड कैटरिंग आउटलेट

दुर्ग। रेलवे यात्रियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण खानपान सुविधा उपलब्ध कराने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत दुर्ग रेलवे स्टेशन पर जल्द ही 2 प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट शुरू किए जाएंगे। इन आउटलेट्स के माध्यम से यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही प्रतिष्ठित ब्रांड के खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध होंगे।
प्रीमियम कैटरिंग आउटलेट के लिए स्टॉल आवंटन की प्रक्रिया ई-नीलामी और प्रतिस्पर्धात्मक तरीके से पूरी की गई है। आउटलेट शुरू होने के बाद यात्रियों को सामान्य कैटरिंग स्टॉल के अलावा राष्ट्रीय स्तर के ब्रांडेड खाद्य पदार्थ और पेय पदार्थ खरीदने का विकल्प भी मिलेगा।
इन आउटलेट्स पर स्नैक्स, पेय पदार्थ और अन्य लोकप्रिय खाद्य उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे। खानपान की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के लिए संबंधित ब्रांड के निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां डिजिटल भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
रेलवे के मुताबिक, इन आउटलेट्स के शुरू होने से यात्रियों को खासकर सुबह और देर रात के समय खानपान की सुविधा लेने में आसानी होगी। स्टेशन पर यात्रियों को उनकी जरूरत के अनुसार अलग-अलग प्रकार की कैटरिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
रायपुर मंडल के स्टेशनों पर वर्तमान में चाय स्टॉल, मिल्क बार, जूस बार और प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। चाय स्टॉल पर चाय, बिस्किट और नाश्ता, मिल्क बार पर दूध एवं दुग्ध उत्पाद तथा जूस बार पर जूस और फलों से जुड़े उत्पाद उपलब्ध कराए जाते हैं।
रेलवे का कहना है कि यात्रियों की बदलती जरूरतों और बढ़ती अपेक्षाओं को देखते हुए स्टेशनों की यात्री सुविधाओं को आधुनिक और बेहतर बनाने पर लगातार काम किया जा रहा है। दुर्ग स्टेशन पर शुरू होने वाले प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। इससे यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर ही प्रतिष्ठित ब्रांड के गुणवत्तापूर्ण खानपान का विकल्प मिल सकेगा।
