लिफ्ट देने के बहाने नाबालिग को सुनसान जगह ले गए, गैंगरेप के आरोप में 4 हिरासत में

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 5 अक्टूबर की रात लुंड्रा में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। दो नाबालिग छात्राएं पैदल कार्यक्रम देखने जा रही थीं। रास्ते में उन्हें बाइक और स्कूटी सवार चार युवक मिले। युवकों ने दोनों छात्राओं को कार्यक्रम स्थल तक छोड़ने की बात कही, जिसके बाद एक छात्रा बाइक और दूसरी स्कूटी पर बैठ गई।
बताया गया है कि बाइक पर बैठी छात्रा को आरोपी कार्यक्रम स्थल के पास छोड़कर चले गए। वहीं, दूसरी छात्रा को स्कूटी सवार आरोपी कथित तौर पर कार्यक्रम स्थल ले जाने के बजाय एक सुनसान स्थान पर ले गया। आरोप है कि वहां उसने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया और चारों ने नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन अगले दिन उसे लेकर लुंड्रा थाने पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी। पुलिस ने अगासी क्षेत्र से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी थी। उसे भी देर रात पकड़ लिया गया।
सरगुजा एसपी राजेश अग्रवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। लुंड्रा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। नाबालिग पीड़िता की पहचान कानूनी प्रावधानों के तहत गोपनीय रखी गई है।
