मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए रेलवे की बड़ी सौगात, डोंगरगढ़ में 10 ट्रेनों के अस्थायी ठहराव

रेलवे की इस व्यवस्था से रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, गोंदिया सहित आसपास के क्षेत्रों से डोंगरगढ़ आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त रेल सेवाएं उपलब्ध होंगी। नवरात्रि के दौरान सड़क मार्ग पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रेन से यात्रा श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक विकल्प साबित होगी।
रेलवे के मुताबिक गोंदिया-दुर्ग-गोंदिया मेमू पैसेंजर का विस्तार रायपुर तक किया जाएगा। वहीं रायपुर-डोंगरगढ़-रायपुर मेमू को गोंदिया तक चलाया जाएगा। इसके साथ ही डोंगरगढ़-दुर्ग के बीच मेमू पैसेंजर स्पेशल का भी संचालन किया जाएगा। यह अतिरिक्त व्यवस्था 11 से 20 अक्टूबर तक नवरात्रि मेले के दौरान प्रभावी रहेगी।
नवरात्रि मेले के दौरान डोंगरगढ़ स्टेशन पर दोनों दिशाओं में दो मिनट का अस्थायी ठहराव इन ट्रेनों को दिया जाएगा—
- 20843/20844 बिलासपुर-भगत की कोठी एक्सप्रेस
- 20845/20846 बिलासपुर-बीकानेर एक्सप्रेस
- 12851/12852 बिलासपुर-चेन्नई एक्सप्रेस
- 12849/12850 बिलासपुर-पुणे एक्सप्रेस
- 12771/12772 सिकंदराबाद-रायपुर एक्सप्रेस
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुबह से रात तक अलग-अलग समय पर ट्रेनें डोंगरगढ़ पहुंचेंगी। बिलासपुर-भगत की कोठी एक्सप्रेस रात 9:56 बजे डोंगरगढ़ पहुंचेगी, जबकि वापसी दिशा की ट्रेन सुबह 5:40 बजे पहुंचेगी।
इसी तरह बिलासपुर-चेन्नई एक्सप्रेस दोपहर 12:16 बजे और चेन्नई-बिलासपुर एक्सप्रेस सुबह 10:18 बजे डोंगरगढ़ पहुंचेगी। बिलासपुर-पुणे एक्सप्रेस का आगमन दोपहर 2:36 बजे और पुणे-बिलासपुर एक्सप्रेस का आगमन सुबह 11:58 बजे होगा।
वहीं सिकंदराबाद-रायपुर एक्सप्रेस सुबह 10:46 बजे और रायपुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस शाम 6:30 बजे डोंगरगढ़ पहुंचेगी। इस अतिरिक्त ठहराव और मेमू सेवाओं के विस्तार से नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को रेल यात्रा के अधिक विकल्प मिलेंगे।
