छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम का मिजाज, कई इलाकों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

mausam

Weather Update : छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई का दौर शुरू हो चुका है, लेकिन जाते-जाते मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। रायपुर मौसम केंद्र ने लोगों को इस दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में मौसम बदला हुआ नजर आया। कई जगह अचानक बादल छाए और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। तापमान की बात करें तो राजनांदगांव में दिन का तापमान सबसे अधिक 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रारोड में रात का तापमान सबसे कम 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा। बिलासपुर में भी कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के मुताबिक 7 और 8 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

इसके बाद 9 अक्टूबर को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि इस दिन किसी बड़े मौसमी खतरे की संभावना नहीं जताई गई है। वहीं 10 से 13 अक्टूबर के बीच प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम में आए इस बदलाव के पीछे दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे छत्तीसगढ़ के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण प्रमुख कारण बताया जा रहा है। इसके अलावा कुछ द्रोणिकाएं भी प्रदेश से होकर गुजर रही हैं। इन मौसमी सिस्टम के प्रभाव से वातावरण में नमी बढ़ी है, जिसके चलते कुछ इलाकों में बादल, बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन रही है।

राजधानी रायपुर में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों के दौरान दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। ऐसे में फिलहाल गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद कम है।