छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई शुरू, कहीं धूप तो कहीं बूंदाबांदी के आसार

पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर मौसम में बदलाव देखने को मिला। कहीं गरज-चमक हुई तो कहीं तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान दुर्ग जिले में सर्वाधिक 17.6 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं, माना एयरपोर्ट पर 2.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि रायपुर के लालपुर में मामूली बूंदाबांदी हुई।
तापमान की बात करें तो रायपुर 33.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। दूसरी ओर, पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे रात के मौसम में हल्की ठंडक महसूस होने लगी है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 9 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, इसके लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बाद 10 और 11 अक्टूबर को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इन दिनों आसमान साफ रहने और धूप निकलने का अनुमान है।
12 और 13 अक्टूबर को भी प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि, 14 अक्टूबर को मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दिन प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
वहीं, अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। यानी दिन के तापमान में फिलहाल खास उतार-चढ़ाव देखने को नहीं मिलेगा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियों के पीछे दो मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं। उत्तर-पूर्वी बिहार के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ होते हुए तेलंगाना तक एक द्रोणिका फैली हुई है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय है।
इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाने, गरज-चमक होने और हल्की बारिश की स्थिति बन रही है। हालांकि, फिलहाल भारी बारिश की आशंका नहीं है और आने वाले दिनों में ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम सामान्य व शुष्क रहने का अनुमान है।
