महादेव सट्टा ऐप मामले में नया मोड़, शेफाली बग्गा ने ED को लौटाई करोड़ों की रकम

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में बिग बॉस फेम और टीवी एंकर शेफाली बग्गा का नाम सामने आने के बाद अब बड़ी जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, शेफाली बग्गा ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) को 1.20 करोड़ रुपये सौंपे हैं। इससे पहले जांच एजेंसी ने दिल्ली स्थित उनके आवास पर तलाशी के दौरान 30 लाख रुपये नकद जब्त किए थे।
दरअसल, महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप सिंडिकेट की जांच कर रही ईडी ने रायपुर की अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया है। आरोपपत्र में एजेंसी ने दावा किया है कि पूछताछ के दौरान शेफाली ने ऐप के प्रचार के बदले मिली नकदी ईडी को सौंप दी। रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि संबंधित ऐप अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि अवैध सट्टेबाजी सिंडिकेट से कथित तौर पर मिली रकम को किसी व्यक्ति द्वारा खुद जांच एजेंसी को सौंपने का यह पहला मामला है।
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में ईडी ने 42 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। जांच के दौरान एजेंसी ने Ebix के चेयरमैन विकास गर्ग को भी गिरफ्तार किया था। इसके अलावा, करीब 940 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क किए जाने की जानकारी सामने आई है।
ईडी की जांच के मुताबिक, कथित तौर पर मास्टरमाइंड हरिशंकर तिबरेवाल के जरिए रकम विकास गर्ग की कंपनियों तक पहुंचाई जाती थी। जांच एजेंसी का दावा है कि तिबरेवाल ने विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (FPI) और बॉन्ड के माध्यम से महादेव ऐप तथा स्काई एक्सचेंज बेटिंग सिंडिकेट से कथित तौर पर सैकड़ों करोड़ रुपये जुटाकर विकास गर्ग की कंपनियों को भेजे।
ईडी की जांच में शेफाली बग्गा का नाम कथित हवाला ऑपरेटर खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से जुड़े मामले में सामने आया। एजेंसी के अनुसार, ठक्कर ऑनलाइन सट्टेबाजी से संबंधित हवाला लेन-देन का संचालन करता था। जांच में शेफाली की कथित भूमिका ऐप के प्रचार और उससे जुड़ी अन्य गतिविधियों में बताई गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में ईडी ने कई डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि शेफाली दुबई से संचालित होने वाले इस ऐप के प्रचार का प्रमुख चेहरा थीं।
शेफाली बग्गा टीवी एंकर और पत्रकार हैं। वह देश के प्रमुख मीडिया संस्थानों में न्यूज एंकरिंग कर चुकी हैं। वर्ष 2019 में वह रियलिटी शो बिग बॉस के सीजन 13 में प्रतियोगी के रूप में नजर आई थीं। इसके अलावा, वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी होस्टिंग कर चुकी हैं।
