शादी के विज्ञापन से बुजुर्ग को बनाया शिकार, 5.65 लाख रुपये ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश

जांजगीर-चांपा। जिले में शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपियों ने शादी के विज्ञापन के जरिए 53 वर्षीय व्यक्ति को अपने जाल में फंसाया और अलग-अलग बहाने बनाकर उससे 5.65 लाख रुपये वसूल लिए। मामले में पुलिस ने चार महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, नवागढ़ निवासी 53 वर्षीय रेशम लाल साहू शादी के लिए दिए गए एक विज्ञापन के माध्यम से आरोपियों के संपर्क में आए थे। इसी दौरान एक युवती ने अपना नाम पदमा बताया और खुद को महासमुंद के सरकारी अस्पताल में नर्स बताया। इसके बाद युवती ने उनसे बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे विश्वास जीतकर पैसों की मांग करने लगी।
आरोप है कि युवती और गिरोह के अन्य सदस्यों ने अलग-अलग परिस्थितियों का हवाला देकर रेशम लाल साहू से पैसे लिए। कभी मां के इलाज, कभी खुद की बीमारी तो कभी दुर्घटना का बहाना बनाकर रुपये मांगे गए। बाद में मां की मौत का हवाला देकर भी उनसे पैसे लिए गए। इस तरह आरोपियों ने कुल 5.65 लाख रुपये ऐंठ लिए।
कुछ समय बाद रेशम लाल साहू को संदेह हुआ कि शादी की बात कहकर उनसे केवल पैसे वसूले जा रहे हैं। उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन पैसे नहीं मिलने पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
शिकायत मिलने के बाद जांजगीर पुलिस के साइबर थाना ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, जांच में शिकायत सही पाए जाने पर अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई। इस संबंध में साइबर थाना में अपराध क्रमांक 10/26 दर्ज किया गया।
जांच के आधार पर पुलिस ने चार महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूमिका रंगारी, नसीम बानो, तय्यबा बान, शायना बानो और रोहित कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी राजनांदगांव क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी भूमिका रंगारी के खिलाफ शादी के नाम पर ठगी से संबंधित अन्य शिकायतें भी सामने आई हैं। पुलिस इन शिकायतों की जानकारी जुटाने के साथ ही गिरोह की अन्य गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
फिलहाल, सभी पांच आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।
