भूस्खलन के चलते रेलवे ने बदला ट्रेनों का परिचालन, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के यात्रियों पर असर

रेलवे के इस निर्णय का असर ओडिशा के कोरापुट और छत्तीसगढ़ के जगदलपुर व किरंदुल आने-जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
रेलवे ने विशाखापट्टनम और किर्लामुडी के बीच चलने वाली दो एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इनमें ट्रेन नंबर 18515 विशाखापट्टनम-किर्लामुडी एक्सप्रेस और ट्रेन नंबर 18516 किर्लामुडी-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस शामिल हैं। दोनों ट्रेनें 13 से 20 अक्टूबर 2026 तक संचालित नहीं होंगी।
भूस्खलन के कारण भुवनेश्वर-जगदलपुर एक्सप्रेस (18447) को 13 से 20 अक्टूबर तक कोरापुट स्टेशन पर ही समाप्त किया जाएगा। वहीं, जगदलपुर-भुवनेश्वर एक्सप्रेस (18448) 14 से 21 अक्टूबर तक कोरापुट स्टेशन से ही रवाना होगी। ऐसे में जगदलपुर और कोरापुट के बीच इन ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
रेलवे ने विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर ट्रेन नंबर 58501 को 13 से 20 अक्टूबर तक कोरापुट स्टेशन पर ही समाप्त करने का फैसला लिया है। इसी तरह किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर ट्रेन नंबर 58502 भी इसी अवधि में कोरापुट से ही रवाना होगी।
ट्रेनों के परिचालन में बदलाव के चलते कोरापुट, जगदलपुर और किरंदुल के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे ने यात्रियों को सफर पर निकलने से पहले संबंधित ट्रेन के परिचालन की स्थिति जांचने और वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था की जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी है।
