डिप्टी कलेक्टर की पत्नी ने ससुराल पक्ष पर लगाए दहेज उत्पीड़न के आरोप, महिला थाने में अपराध दर्ज

FIR

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक डिप्टी कलेक्टर के खिलाफ उनकी पत्नी की शिकायत पर अपराध दर्ज किया गया है। पत्नी ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज में करोड़ों रुपये और लग्जरी कार की मांग करने, गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। रायपुर के महिला थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85, 3(5) और 115(2) के तहत मामला दर्ज कर पुलिस आगे की जांच कर रही है।

शिकायत के अनुसार, पीड़िता का विवाह 12 जुलाई 2026 को धमतरी निवासी मनोज बंजारे के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि उसके माता-पिता ने शादी के दौरान घरेलू उपयोग का सामान, जिसमें डबल बेड, सोफा सेट, डाइनिंग टेबल, ड्रेसिंग टेबल, अलमारी, एसी, वॉशिंग मशीन, फ्रिज और टीवी सहित अन्य सामान दिया था। पति को सोने की चेन भी उपहार में दी गई थी।

इसके बावजूद शादी के दूसरे दिन से ही सास और ससुराल के अन्य सदस्य कथित तौर पर दहेज को लेकर ताने देने लगे। पीड़िता के मुताबिक, उससे कहा जाता था कि उनका बेटा डिप्टी कलेक्टर है और इस रिश्ते में दूसरे घर में शादी करने पर कार, दो से तीन करोड़ रुपये के सामान और नकदी मिल सकती थी। शिकायत में आरोप है कि इस तरह की बातें कहकर उसे और उसके मायके वालों को अपमानित किया जाता था।

पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया कि 4 जनवरी 2025 को उसके पति ने जमीन बेचकर दो से तीन करोड़ रुपये लाने की मांग की। इतनी बड़ी रकम मायके वालों के लिए जुटाना संभव नहीं होने की बात कहने पर पति ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। पीड़िता का कहना है कि इस दौरान उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

शिकायत के मुताबिक, पीड़िता ने पहले भी पति और ससुराल पक्ष के व्यवहार को लेकर महिला थाना रायपुर में आवेदन दिया था। इसके बाद मामले को महिला थाना परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग के लिए भेजा गया, लेकिन बातचीत के जरिए विवाद का समाधान नहीं हो सका।

पीड़िता ने आगे आरोप लगाया कि 2 सितंबर 2026 को उसका पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य उसके मायके पहुंचे और वहां उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस घटना में उसके दोनों हाथों में खरोंच आई और दर्द होने लगा। इसके बाद 3 सितंबर को वह महिला थाना रायपुर पहुंची, जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है। फिलहाल, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

रीसेंट पोस्ट्स