शिक्षिका और उसके इकलौते बेटे की हत्या से सनसनी, 16 लाख के लोन समेत कई बिंदुओं पर जांच

सूरजपुर। सूरजपुर जिले में एक ही परिवार के मां-बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। जयनगर थाना क्षेत्र में पहले सड़क किनारे 12वीं कक्षा के छात्र का खून से लथपथ शव मिला। पुलिस जब उसकी पहचान के बाद घर पहुंची, तो वहां उसकी मां का शव बरामद हुआ। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार 10 अक्टूबर की सुबह महाबीरपुर में NH-43 के पास कालीघाट के नजदीक पंचायत सड़क किनारे ग्रामीणों ने एक युवक का रक्तरंजित शव देखा। सूचना मिलते ही जयनगर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की पहचान बिश्रामपुर के कार्मेल कान्वेंट स्कूल में कक्षा 12वीं में पढ़ने वाले सुजल बरेठ के रूप में हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और साइबर सेल की टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई। इसके बाद पुलिस सुजल के केशवनगर स्थित ममता कॉलोनी के किराए के मकान में पहुंची। वहां कमरे के भीतर उसकी मां रजनी बरेठ का शव मिला। इसके बाद मामला दोहरे हत्याकांड में बदल गया। देर रात पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
रजनी बरेठ बेलटिकरी के शासकीय विद्यालय में प्रभारी प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत थीं। वह अपने इकलौते बेटे सुजल के साथ केशवनगर में मनोज जायसवाल के मकान में किराए पर रहती थीं। मूल रूप से उनका संबंध सक्ती जिले के मुक्ताराजा, बाराद्वार क्षेत्र से था।
बताया जा रहा है कि रजनी का अपने पति से न्यायालय के माध्यम से तलाक हो चुका था और वह वर्ष 2020 से अलग रह रही थीं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि सुजल की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई, जबकि उसकी मां रजनी की गला दबाकर जान लिए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, मौत के कारणों और हत्या के तरीके की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
इस मामले में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
1. लावारिस हालत में मिली स्कूटी: रजनी की स्कूटी NH-43 पर नायरा पेट्रोल पंप के पास लावारिस हालत में मिली है। पुलिस स्कूटी की स्थिति और उसके वहां पहुंचने के कारणों की जांच कर रही है।
2. मां-बेटे के मोबाइल गायब: वारदात के बाद दोनों के मोबाइल फोन नहीं मिले हैं। मोबाइल की बरामदगी और उनकी लोकेशन से मामले में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
3. 16 लाख रुपये के लोन की चर्चा: बताया जा रहा है कि रजनी ने कुछ दिन पहले बैंक से 16 लाख रुपये का कर्ज लिया था। पुलिस इस आर्थिक पहलू की भी जांच कर रही है। हालांकि, लोन और हत्याकांड के बीच किसी संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
मृतका के मामा वीरेंद्र बरेठ के अनुसार, परिवार की रजनी और सुजल से दो दिन पहले तक बातचीत हुई थी। इसके बाद देर शाम दोनों के मोबाइल फोन बंद हो गए। संपर्क नहीं हो पाने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। रविवार सुबह परिजन सूरजपुर पहुंचे।
पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे की किसी एक वजह को निश्चित मानकर जांच नहीं कर रही है। बिश्रामपुर और जयनगर पुलिस की संयुक्त टीम प्रेम प्रसंग, आर्थिक लेन-देन, पुरानी रंजिश समेत विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। रजनी के घर आने-जाने वाले लोगों और उनके संपर्कों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन की लोकेशन और अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही वारदात की असली वजह और इसमें शामिल आरोपियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
