रायपुर एयरपोर्ट पर रवि किशन का राहुल गांधी पर बड़ा आरोप, EVM और वोट चोरी के मुद्दे पर भी घेरा

रायपुर। भाजपा सांसद और फिल्म अभिनेता रवि किशन ने कांग्रेस के दिल्ली प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार सुबह रायपुर पहुंचे रवि किशन ने एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हराने में नाकाम रहने के बाद अब विपक्ष विरोध-प्रदर्शन के जरिए आम लोगों को परेशान कर रहा है।
रवि किशन ने कांग्रेस पर देश को पीछे ले जाने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 65 साल तक देश का शोषण किया और अब वह भारत को फिर से पीछे ले जाना चाहती है।
भाजपा सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का सम्मान वैश्विक स्तर पर बढ़ा है और देश लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विरोध-प्रदर्शनों के कारण आम लोगों को नौकरी और दूसरे जरूरी कामों के लिए आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कांग्रेस को विकास के मुद्दों पर राजनीति करने और देश के भविष्य को लेकर अपना रोडमैप स्पष्ट करने की सलाह दी। रवि किशन ने कहा कि आंदोलन के नाम पर सड़कों को जाम करना उचित नहीं है। विरोध ऐसा होना चाहिए, जिससे आम जनता को परेशानी न हो।
चुनाव में EVM और वोट चोरी को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जाने वाले आरोपों पर भी रवि किशन ने सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है, तब EVM और वोट चोरी का मुद्दा क्यों नहीं उठाया जाता?
रवि किशन ने कहा कि भाजपा ऐसे भारत की कल्पना करती है, जहां दंगे न हों, विकास को प्राथमिकता मिले और जनता की आवाज सुनी जाए। उन्होंने विपक्ष से आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति छोड़कर विकास के मुद्दों पर ध्यान देने की अपील की।
रवि किशन छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आयोजित गरबा महोत्सव में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंचे हैं। रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करने के बाद उनका बिलासपुर रवाना होने का कार्यक्रम है।
