शराब के लिए दुकान में घुसा, कर्मचारियों से गाली-गलौज और धमकी; आरोपी गिरफ्तार

giraftar

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में सरकारी शराब दुकान में हंगामा करने और तोड़फोड़ के आरोप में कोतवाली पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजा ध्रुव (34) के रूप में हुई है, जो तेतरखुटी क्षेत्र में पानी की टंकी के पास वार्ड नंबर 35 का निवासी है। आरोप है कि दुकान बंद होने के बाद नशे की हालत में पहुंचे आरोपी ने दरवाजे पर लात मारकर उसे तोड़ दिया और अंदर घुसकर शराब की मांग करने लगा। मामले में कार्रवाई के बाद न्यायालय ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मामला जगदलपुर के धरमपुरा इलाके में स्थित सरकारी शराब दुकान का है। मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे दुकान बंद की जा रही थी। इसी दौरान राजा ध्रुव वहां पहुंचा। आरोप है कि नशे की हालत में उसने दुकान के बंद दरवाजे पर जोरदार लात मारी, जिससे दरवाजा टूट गया। इसके बाद वह जबरन दुकान के अंदर दाखिल हो गया और कर्मचारियों से शराब मांगने लगा।

दुकान के मैनेजर ने दुकान बंद होने का हवाला देते हुए शराब देने से इनकार किया, तो आरोपी कथित तौर पर आक्रामक हो गया। आरोप है कि उसने मैनेजर और कर्मचारियों के साथ अश्लील गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान मारपीट की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आई है। घटना से दुकान में मौजूद कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद दुकान के मैनेजर ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रार्थी और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान सहित उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की।

पुलिस ने आरोपी राजा ध्रुव को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।

रीसेंट पोस्ट्स