मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का WhatsApp हैक! परिचितों को मैसेज भेजकर मांगे जा रहे पैसे

सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को निशाना बनाया है। आरोप है कि मंत्री का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर उनके नाम और मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करते हुए लोगों से पैसों की मांग की जा रही है। ठगों की ओर से ऑनलाइन भुगतान के लिए QR कोड भी भेजे जा रहे हैं। मामला सामने आने के बाद साइबर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं। इसी दौरान एक पार्टी कार्यकर्ता ने उन्हें जानकारी दी कि उनके मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप के जरिए लोगों को संदेश भेजकर रुपये मांगे जा रहे हैं। इन संदेशों में भुगतान के लिए QR कोड भी साझा किया जा रहा था।
इसकी जानकारी मिलते ही मंत्री ने मामले को गंभीरता से लिया और साइबर ठगी की आशंका जताई। गौरतलब है कि इससे पहले मंत्री के निज सहायक ओमप्रकाश राजवाड़े का मोबाइल फोन हैक होने की घटना भी सामने आई थी। अब मंत्री के व्हाट्सएप अकाउंट से जुड़ी इस घटना ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं को और बढ़ा दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने पुलिस और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद मामले की तकनीकी जांच किए जाने की बात सामने आई है। जांच के दौरान संदिग्ध मोबाइल नंबरों, भेजे गए संदेशों, QR कोड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा सकती है।
घटना के बाद मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पेज के माध्यम से लोगों को सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि उनके नाम या मोबाइल नंबर से कोई व्यक्ति पैसों की मांग करता है, तो बिना पुष्टि किए उस पर भरोसा न करें।
मंत्री ने कहा कि डिजिटल लेन-देन के बढ़ते चलन के बीच साइबर अपराधी परिचितों और भरोसेमंद लोगों के नाम का इस्तेमाल कर ठगी करने की कोशिश कर रहे हैं। लोग कई बार परिचित के नाम से आए संदेश को सही मानकर तुरंत पैसे भेज देते हैं, जिसका फायदा अपराधी उठाते हैं।
मंत्री ने सूरजपुर जिले, अपने विधानसभा क्षेत्र और पूरे छत्तीसगढ़ के नागरिकों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि उनके नाम या नंबर से आने वाले किसी भी संदिग्ध संदेश पर तुरंत भरोसा न करें। पैसे भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से किसी दूसरे माध्यम से संपर्क कर पुष्टि जरूर करें।
उन्होंने लोगों को किसी भी अनजान QR कोड के जरिए भुगतान करने से बचने और साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है।
