कोरबा में 12 घंटे के जाम पर NHAI पर कार्रवाई, मेंटेनेंस एजेंसी पर 10 लाख का जुर्माना; पुलिस ने कोर्ट में दायर किया परिवाद

कोरबा। नेशनल हाईवे-130 पर ट्रेलर हादसे के बाद करीब 12 घंटे तक यातायात बाधित रहने के मामले में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और पुलिस के बीच कार्रवाई को लेकर मामला गरमा गया है। राहत कार्यों में देरी और ट्रैफिक बहाली में लापरवाही के आरोपों के बीच NHAI ने हाईवे के ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस का जिम्मा संभालने वाली ‘मेसर्स रविंद्र’ एजेंसी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। वहीं, पुलिस ने NHAI अधिकारियों के खिलाफ कटघोरा न्यायालय में परिवाद दायर किया है।
घटना 12 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे बांगो-मोरगा थाना क्षेत्र के मदनपुर घाट स्थित तारा घाटी के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, खराबी के कारण एक ट्रेलर हाईवे पर खड़ा था। इसी दौरान कटघोरा की ओर जा रहा दूसरा ट्रेलर उससे पीछे से टकरा गया। हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
करीब 12 घंटे तक लगे जाम में बसों के यात्री, एंबुलेंस में मरीज और ट्रेन व फ्लाइट पकड़ने जा रहे लोग फंसे रहे। महिलाओं और बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए क्रेन ऑपरेटर समय पर उपलब्ध नहीं हो सका। वहीं, रिकवरी उपकरणों के लिए पर्याप्त ईंधन नहीं होने से राहत कार्य प्रभावित हुआ। आरोप है कि 1033 हेल्पलाइन पर बार-बार सूचना देने के बावजूद समय पर आवश्यक सहायता नहीं मिली।
इन कमियों को हाईवे पेट्रोलिंग के निर्धारित मानकों का उल्लंघन मानते हुए NHAI ने संबंधित मेंटेनेंस एजेंसी पर 10 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाई है।
कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह ठाकुर के मुताबिक, हादसे के बाद NHAI अधिकारियों से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके मोबाइल बंद मिले। इससे दुर्घटनास्थल पर राहत कार्य और यातायात बहाली में दिक्कतें आईं।
पुलिस का आरोप है कि NHAI अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं किया और सरकारी कर्मचारियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध नहीं कराया। इसी आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 222ए के तहत कटघोरा न्यायालय में परिवाद पेश किया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में सड़क हादसों के दौरान राहत कार्य और यातायात बहाली में सहयोग नहीं करने वाली एजेंसियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
