गरियाबंद में 28 अक्टूबर को रोजगार मेला, 195 पदों पर होगी भर्ती; 8वीं पास से PG तक को मौका

जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, गरियाबंद से मिली जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग और संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण, रायपुर के निर्देश पर यह रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। इसका आयोजन जिला रोजगार कार्यालय परिसर, गरियाबंद में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा।
रोजगार मेले में फायर, सेफ्टी एवं डिजास्टर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट, भिलाई-दुर्ग और स्वतंत्र माइक्रो फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड, रायपुर में उपलब्ध रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें सिक्योरिटी गार्ड, फायरमैन, पैकेजिंग स्टाफ, हेवी लाइसेंसधारी ड्राइवर, वार्ड बॉय, फील्ड ऑफिसर और कलेक्शन ऑफिसर के पद शामिल हैं। दोनों संस्थानों में कुल 195 पदों के लिए भर्ती की जाएगी।
इस रोजगार मेले में आठवीं, दसवीं, बारहवीं, स्नातक, स्नातकोत्तर और पीजीडीसीए उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार आवेदन करने का अवसर मिलेगा।
इच्छुक उम्मीदवारों को अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता से संबंधित अंकसूचियों और प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां तथा छायाप्रतियां लाना अनिवार्य होगा।
रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को e-rojgar.cg.gov.in पोर्टल या छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद उम्मीदवार 28 अक्टूबर को निर्धारित समय पर जिला रोजगार कार्यालय परिसर, गरियाबंद पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, गरियाबंद के दूरभाष नंबर 07706-241269 या मोबाइल नंबर 93295-59607 पर संपर्क किया जा सकता है।
