पंप चोरी के शक में दो युवकों से मारपीट, जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया; वीडियो वायरल

maarpeet

सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पंप चोरी के संदेह में दो लोगों के साथ मारपीट और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्रामीणों ने दोनों संदिग्धों को जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र की आमगांव पंचायत का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, बीते 9 तारीख को आमगांव निवासी बिगन का सुतिया नाला में लगा पंप चोरी हो गया था। बताया जा रहा है कि गांव के ही नेमसाय ने कथित तौर पर चोरी की घटना देखी थी और ग्रामीणों को संदिग्धों के बारे में जानकारी दी थी। आरोप है कि चोरी किए गए पंप को महज एक हजार रुपये में बेच दिया गया था।

इस जानकारी के बाद ग्रामीणों ने दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। इसके बाद उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। आरोप है कि उन्हें जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

पंप चोरी के संदेह में की गई इस कार्रवाई के दौरान दोनों लोगों को सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने का आरोप है। हालांकि, पंप चोरी के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। किसी पर चोरी का संदेह होने पर कानून अपने हाथ में लेना उचित नहीं है।

मामले में वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, पुलिस शिकायत मिलने का इंतजार कर रही है। शिकायत प्राप्त होने पर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। फिलहाल मामले में पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई और जांच के निष्कर्षों का इंतजार है।

रीसेंट पोस्ट्स