टार फैक्ट्री में लगी भीषण आग, मजदूरों में मची अफरा-तफरी, दमकल की दो गाड़ियां मौके पर

aag

रायपुर : राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित पोदवाल टार फैक्ट्री में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के समय फैक्ट्री के अंदर मजदूर काम कर रहे थे। आग लगते ही परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मजदूरों ने सूझबूझ दिखाते हुए स्थिति को संभालने की कोशिश की। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टायर निर्माण में इस्तेमाल होने वाले टार की प्रोसेसिंग के दौरान उसके लीक होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित इस फैक्ट्री में आग लगने की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। लगातार दो घटनाओं के सामने आने के बाद फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

आरोप लगाए जा रहे हैं कि पिछली घटना के बाद भी फैक्ट्री में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए। इसके साथ ही संबंधित विभागों की निगरानी और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

बार-बार आग लगने की घटनाओं से मजदूरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब यह देखना होगा कि संबंधित विभाग मामले की जांच कर आग लगने के कारणों का पता लगाते हैं या नहीं और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

घटना के बाद फैक्ट्री के आसपास रहने वाले लोगों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। फिलहाल, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। फैक्ट्री में कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल दमकल की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी हैं। आग लगने के वास्तविक कारणों और फैक्ट्री में सुरक्षा संबंधी संभावित खामियों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

रीसेंट पोस्ट्स