खारून नदी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन पर रहेगा प्रतिबंध, महादेवघाट में बने कुंड में होगा विसर्जन

durga visarjan

रायपुर : पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) और छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों के तहत इस वर्ष भी खारून नदी में सीधे दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम ने महादेवघाट स्थित पाटन पुलिया के पास अस्थायी विसर्जन कुंड तैयार किया है। सभी प्रतिमाओं का विसर्जन इसी कुंड में किया जाएगा, ताकि नदी के पानी को प्रदूषित होने से बचाया जा सके।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर इस व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

महादेवघाट स्थित विसर्जन कुंड में व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन की जिम्मेदारी नगर निगम जोन क्रमांक-8 की जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल को सौंपी गई है। नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी 20 अक्टूबर 2026 की सुबह 6 बजे से 25 अक्टूबर 2026 की सुबह 6 बजे तक लगाई गई है। कर्मचारियों की तैनाती तीन पालियों में की जाएगी, जिनमें प्रत्येक पाली आठ घंटे की होगी।

विसर्जन स्थल पर पर्याप्त रोशनी, क्रेन, स्टेज, लाउडस्पीकर, शुद्ध पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था की जा रही है, जिससे प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

NGT के दिशा-निर्देशों के अनुसार विसर्जन के दौरान पर्यावरण संरक्षण के लिए विशेष सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतिमाओं के विसर्जन से पहले पूजन सामग्री को अलग करके निर्धारित स्थान पर रखना अनिवार्य होगा।

इसके अलावा, विसर्जन के बाद निकलने वाले मलबे, बांस-बल्लियों और अन्य सामग्री को 24 घंटे के भीतर हटाया जाएगा, ताकि जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाया जा सके। ध्वनि और वायु प्रदूषण पर नियंत्रण रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस कमिश्नरेट के साथ समन्वय कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

रायपुर में 20 अक्टूबर 2026 को दशहरा उत्सव के तहत विभिन्न स्थानों पर रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। प्रमुख आयोजन स्थलों में रावणभाठा, डब्ल्यूआरएस कॉलोनी, चौबे कॉलोनी, राजेंद्र नगर, शंकर नगर और रामकुंड स्थित स्वामी विवेकानंद आश्रम के पास का क्षेत्र शामिल है।

इन सभी स्थानों पर संबंधित जोन कमिश्नरों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। अधिकारियों के मार्गदर्शन में सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, अग्निशमन वाहन, होमगार्ड की व्यवस्था, स्थल का समतलीकरण और आयोजन स्थलों तक जाने वाले रास्तों की सफाई सुनिश्चित की जा रही है।

दशहरा उत्सव और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। समिति का दायित्व विसर्जन कुंड और आयोजन स्थलों पर शामियाना, प्रकाश व्यवस्था, माइक, अग्निशमन सेवाओं और चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

इस समिति में अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, उपायुक्त स्वास्थ्य जसदेव सिंह बाबरा, विभिन्न जोनों के कमिश्नर संतोष पाण्डेय, राकेश शर्मा और प्रीति सिंह के अलावा प्रभारी अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, कार्यपालन अभियंता जल नर सिंह फरेन्द्र और कार्यपालन अभियंता विद्युत संदीप शर्मा को शामिल किया गया है।

नगर निगम का उद्देश्य दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ खारून नदी को प्रदूषण से सुरक्षित रखना है।

रीसेंट पोस्ट्स