अटल आवास में देर रात भीषण आग, 5 बाइक जलकर खाक; जान बचाने छत से कूदे लोग, युवक का पैर फ्रैक्चर

घटना के समय अटल आवास के 24 ब्लॉक में 75 से अधिक लोग मौजूद थे। आग और धुएं के कारण लोगों के सामने बाहर निकलने का रास्ता तलाशना मुश्किल हो गया। ऐसे में स्थानीय युवकों ने साहस दिखाते हुए रस्सी और साड़ियों की मदद से महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस, नगर सेना की आपदा प्रबंधन टीम और दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सबसे पहले बिजली सप्लाई बंद कराई, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया।
आग लगते ही अटल आवास परिसर में ऊंची लपटें उठने लगीं और चारों ओर धुएं का गुबार फैल गया। यह नजारा देखकर रहवासियों में दहशत फैल गई। महिलाएं और बच्चे बाहर निकलने का रास्ता तलाशते हुए मदद के लिए चिल्लाने लगे। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और फंसे हुए लोगों की मदद में जुट गए।
आग की चपेट में आई पांच बाइकों के पेट्रोल और टायर तक लपटें पहुंचने से तेज आवाजें आने लगीं। इससे लोगों में दहशत और बढ़ गई। आग तेजी से फैलती देख कई रहवासी सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।
आग और धुएं का असर बढ़ने पर कुछ लोग कमरों में चादर ओढ़कर छिप गए, जबकि अन्य लोग बाहर निकलने का रास्ता तलाशने लगे। स्थानीय युवक मिक्की मिश्रा अपने साथियों के साथ छत पर पहुंचे और रस्सी व साड़ियों की मदद से लोगों को नीचे उतारने में जुट गए।
इस दौरान आग की लपटों और धुएं से घबराकर कुछ लोग छत से नीचे कूद गए। इसी कोशिश में एक युवक के पैर में फ्रैक्चर हो गया। घायल को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय युवकों की तत्परता से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद मिली।
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि बिजली के मीटर या कनेक्शन के पास शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी होगी। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर बाइक खड़ी थीं, वहीं बिजली मीटर और कनेक्शन भी लगे हुए हैं। रात में अचानक चिंगारी उठने के बाद धुआं फैलने लगा और आग नीचे खड़ी बाइकों तक पहुंच गई।
हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्या के मुताबिक, रविवार रात करीब एक बजे मुक्तिधाम के पास स्थित अटल आवास में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद पेट्रोलिंग टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। नगर सेना की आपदा प्रबंधन टीम को भी सूचना दी गई और दमकल वाहन बुलाया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले बिजली आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद लोगों को सुरक्षित निकालने और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। दमकल की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।
अटल आवास के 24 ब्लॉक में 75 से अधिक लोगों की मौजूदगी के कारण आग के फैलने का खतरा गंभीर था। यदि आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती और दूसरे हिस्सों तक पहुंच जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय युवकों की मदद, पुलिस की तत्परता और दमकल की कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रित किया गया।
