दुर्ग के स्टील प्लांट में हादसा, आग की लपटों से घिरा ठेकेदार; इलाज के दौरान मौत

maut

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित बोरई-रसमड़ा के जेडी स्टील प्लांट में एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा सामने आया है। काम के दौरान करीब 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला लोहा एक ठेकेदार के शरीर पर गिर गया। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे ठेकेदार की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद प्लांट में कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान संतोष कुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई है। वह बिहार के पूर्वी चंपारण के निवासी थे। बताया जा रहा है कि 17 अक्टूबर की देर रात वह जेडी स्टील प्लांट में मौजूद थे। इसी दौरान टिंडिस मशीन के एक हिस्से का नोजल अचानक नीचे आ गया, जिससे मशीन में मौजूद लगभग 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला लोहा उनके शरीर पर गिर पड़ा। इसकी चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गए।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों ने संतोष कुमार श्रीवास्तव को इलाज के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, गंभीर रूप से झुलसने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

18 अक्टूबर को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को बिहार स्थित अपने गृह क्षेत्र ले गए।

इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की जानकारी सामने आई है। वीडियो में एक व्यक्ति आग की लपटों से घिरा दिखाई दे रहा है और सीढ़ियों से नीचे की ओर दौड़ता नजर आता है। आसपास मौजूद कुछ मजदूर उसे बचाने की कोशिश करते भी दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

इस हादसे ने स्टील प्लांट में काम करने वाले कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों के पालन और आपातकालीन इंतजामों की प्रभावशीलता को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।

प्रिया साहू ने प्लांट प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार, इसी कंपनी के एक अन्य प्लांट में करीब दो साल पहले भी एक मजदूर की झुलसने से मौत हुई थी। आरोप है कि उस घटना के बाद विरोध के बीच पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया था।

दुर्ग के एसएसपी विजय अग्रवाल के अनुसार, प्लांट में झुलसे व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।

रीसेंट पोस्ट्स