रायपुर में हैवानियत! पत्नी से विवाद के बाद पिता ने 6 माह की बच्ची को दो बार जमीन पर पटका

maut

रायपुर। राजधानी रायपुर में पारिवारिक विवाद के दौरान एक पिता की क्रूरता का मामला सामने आया है। पत्नी से विवाद के बाद आरोपी ने अपनी छह माह की मासूम बेटी को दो बार जमीन पर पटक दिया। घटना में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए एम्स के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी पिता आशीष को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला रायपुर के कोटा स्थित बीएसयूपी कॉलोनी का है। जानकारी के अनुसार, कोटा निवासी सरगम कावरिया ने करीब एक साल पहले आशीष से प्रेम विवाह किया था। 14 अक्टूबर की शाम वह अपने मायके से वापस घर लौटी थी। इसी दौरान रात में घर पहुंचे आशीष ने मायके जाने की बात को लेकर पत्नी से विवाद शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पत्नी के साथ गाली-गलौज की और गुस्से में अपनी छह माह की बेटी को जमीन पर पटक दिया। पत्नी ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी ने बच्ची को दोबारा जमीन पर पटक दिया। इस घटना में मासूम गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई।

बच्ची की हालत देखकर मां घबरा गई और उसने शोर मचाते हुए अपने मामा ससुर और मामी सास को घटना की जानकारी दी।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बच्ची को तत्काल उपचार के लिए एम्स लेकर पहुंचे, जहां उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया। इसके बाद पुलिस से शिकायत की गई।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

रीसेंट पोस्ट्स