7 साल की बच्ची की हत्या का खुलासा, दुष्कर्म की कोशिश के बाद गला घोंटकर मारने का आरोप; जंगल से गिरफ्तार हुआ आरोपी

मामले के अनुसार, बच्ची का परिवार मूल रूप से सक्ती जिले का रहने वाला है। परिवार पिछले चार महीनों से कोरबा के रजगामार चौकी क्षेत्र में एक पोल्ट्री फार्म के पास रह रहा था। बच्ची के पिता पोल्ट्री फार्म में मजदूरी करते हैं।
19 अक्टूबर को पिता ने अपनी सात वर्षीय बेटी को घर के पास स्थित राशन दुकान से सामान लेने भेजा था। काफी देर तक बच्ची के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देर शाम तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर पिता ने थाने पहुंचकर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोरबा पुलिस ने बच्ची की तलाश और जांच के लिए कई टीमें लगाईं। पुलिस ने 50 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की। इसी दौरान जांच में सामने आया कि बच्ची के लापता होने से पहले बांगो थाना क्षेत्र के देवमती पारा निवासी अजय उर्फ अमित चौहान को आसपास देखा गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आदतन शराब पीने का आदी है। बताया गया कि वह अपनी दूसरी पत्नी के साथ रावणभाठा इलाके में रह रहा था।
घटना के बाद से ही आरोपी लापता था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी और खोजी कुत्ते की भी मदद ली जा रही थी। इसी बीच पुलिस ने घटनास्थल से करीब 60 किलोमीटर दूर बांगो के घने जंगल में छिपे आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बच्ची को पैसे देने का लालच देकर सुनसान स्थान पर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश करने की बात कबूल की। बच्ची के विरोध करने पर उसने उसका मुंह दबा दिया। बच्ची के बेहोश होने के बाद आरोपी ने कपड़े से उसका गला घोंट दिया। इसके बाद शव को झाड़ियों में छिपाकर जंगल की ओर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
