दीपावली से पहले खैरागढ़ के साहू होटल पर कार्रवाई, 5 किलो जलेबी नष्ट; जांच के लिए भेजे मिठाइयों के सैंपल

खैरागढ़। दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाइयों की गुणवत्ता और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में नवागांव चंडी मंदिर क्षेत्र स्थित मेसर्स साहू होटल का निरीक्षण किया गया, जहां साफ-सफाई में कमी और खाद्य पदार्थों के रखरखाव में लापरवाही जैसी खामियां सामने आईं। फ्रीजर बंद मिलने और उसमें रखी मिठाइयों के खराब होने की आशंका के चलते विभाग ने 5 किलो जलेबी नष्ट करवा दी। वहीं, मिनी पेड़ा और बालूशाही के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को होटल में साफ-सफाई की कमी के साथ खाद्य सामग्री के भंडारण और कालातीत खाद्य पदार्थों के विक्रय से जुड़ी अनियमितताएं मिलीं। फ्रीजर बंद होने के कारण उसमें रखी जलेबी के बासी होने की आशंका जताई गई। एहतियात के तौर पर टीम ने मौके पर ही 5 किलो जलेबी नष्ट करा दी।
कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने मिनी पेड़ा और बालूशाही के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे। इसके साथ ही होटल संचालक को खाद्य लाइसेंस और पंजीयन अद्यतन कराने के निर्देश दिए गए। विभाग ने आवश्यक सुधार होने तक होटल को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया है।
दीपावली के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग मिठाई दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रहा है। विभाग ने कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, साफ-सफाई बनाए रखने और मिठाइयों को उचित तापमान पर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।
इस कार्रवाई को खाद्य सुरक्षा दीपक और कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल के निर्देशन तथा सीएमएचओ डॉ. अनिल शुक्ला और अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडेय के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने कार्रवाई की जानकारी दी।
त्योहार के दौरान मिठाइयां खरीदते समय ग्राहकों को भी उनकी ताजगी, गुणवत्ता और साफ-सफाई पर ध्यान देना चाहिए। साहू होटल से लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट और आवश्यक सुधारों के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
