रायगढ़ नगर निगम की वेबसाइट पर पाकिस्तानी झंडे का सिंबल, ‘Hacked by Over Threes 1337’ संदेश से मचा हड़कंप

मामले की जानकारी मिलते ही नगर निगम आयुक्त बृजेश कुमार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद साइबर सेल की मदद से वेबसाइट पर दिखाई दे रहे झंडे के सिंबल और आपत्तिजनक संदेश को हटा दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा नगर निगम की वेबसाइट के साथ छेड़छाड़ किए जाने की आशंका है। हालांकि, वेबसाइट किस तरीके से प्रभावित हुई और इस घटना के पीछे कौन है, इसकी वास्तविक जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
साइबर विशेषज्ञों की मदद से वेबसाइट को दोबारा सामान्य स्थिति में बहाल कर दिया गया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से जुड़े इस मामले में साइबर सेल पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल जांच एजेंसियां घटना के तकनीकी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं, ताकि वेबसाइट से छेड़छाड़ के तरीके और इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति का पता लगाया जा सके।
