पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल: 10 निरीक्षकों के तबादले, सिविल लाइन और कोतवाली थाना प्रभारी भी बदले

बिलासपुर : जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से एसएसपी रजनेश सिंह ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। उन्होंने 10 निरीक्षकों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में सिविल लाइन, सिरगिट्टी, तारबाहर और कोतवाली जैसे महत्वपूर्ण थानों के प्रभारी बदल दिए गए हैं। इसके अलावा दूसरे जिलों से तबादले पर आए निरीक्षकों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी आदेश के मुताबिक, किशोर केंवट को सिविल लाइन थाना प्रभारी की जिम्मेदारी से हटाकर दोबारा सिरगिट्टी थाने भेजा गया है। वहीं, तारबाहर थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी को सिविल लाइन थाने की कमान सौंपी गई है।
जीपीएम जिले से बिलासपुर आए निरीक्षक सनीप रात्रे को तारबाहर थाना प्रभारी बनाया गया है। इससे पहले भी वे बिलासपुर जिले में सेवाएं दे चुके हैं। अपने पिछले कार्यकाल में वे सिविल लाइन, तोरवा और सरकंडा जैसे महत्वपूर्ण थानों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
निरीक्षक विवेक पांडे को तोरवा थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि मौजूदा तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह को रक्षित केंद्र भेज दिया गया है।
इसी तरह निरीक्षक तोपसिंह नवरंग को कोतवाली थाना प्रभारी बनाया गया है। वे फिलहाल बिल्हा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इससे पहले वे सरकंडा, कोटा और एसीसीयू में भी काम कर चुके हैं। वहीं, कोतवाली थाना प्रभारी देवेश सिंह राठौर का तबादला सरगुजा जिले में किया गया है।
निरीक्षक अजय साहू को बिल्हा थाना प्रभारी बनाया गया है। सिरगिट्टी थाना प्रभारी वायपी सिंह को जिला विशेष शाखा भेजा गया है। वहीं, समंस-वारंट शाखा में पदस्थ निरीक्षक अनिल अग्रवाल को चकरभाठा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। वे इससे पहले तखतपुर, तारबाहर और कोटा थाने के अलावा बेलगहना चौकी में भी प्रभारी रह चुके हैं।
चकरभाठा थाना प्रभारी भावेश शेंडे को समंस-वारंट शाखा में भेजा गया है। वहीं, एएसआई शोभनाथ यादव को विशेष शाखा से सिरगिट्टी थाने में पदस्थ किया गया है।
इस प्रशासनिक फेरबदल को जिले की पुलिसिंग व्यवस्था में सुधार और थानों के कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
