रायपुर एयरपोर्ट से हवाई सफर होगा आसान, 25 अक्टूबर से विंटर शेड्यूल लागू; दिल्ली के लिए दोपहर की उड़ान फिर शुरू

raipur airport

रायपुर : राजधानी रायपुर से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। एयर इंडिया, इंडिगो और एलायंस एयर ने अपने विमानों का विंटर शेड्यूल जारी कर दिया है। नए शेड्यूल के तहत एयर इंडिया दिल्ली के लिए दोपहर की उड़ान दोबारा शुरू करने जा रही है। गर्मियों के दौरान इस फ्लाइट को बंद कर दिया गया था।

एयर इंडिया का विंटर शेड्यूल 25 अक्टूबर से 27 मार्च तक प्रभावी रहेगा। इसके तहत दिल्ली से नई उड़ान सुबह 11:10 बजे रवाना होकर दोपहर 12:55 बजे रायपुर पहुंचेगी। इस उड़ान के शुरू होने से दिल्ली और रायपुर के बीच यात्रियों को एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। वहीं, सुबह और शाम की नियमित उड़ानें पहले की तरह संचालित होती रहेंगी।

दूसरी ओर, इंडिगो ने 1 नवंबर से 30 नवंबर तक का अपना फ्लाइट शेड्यूल जारी किया है। इसमें फिलहाल संचालित हो रही सभी उड़ानों को यथावत रखा गया है।

वहीं, एलायंस एयर 27 मार्च तक रीवा (मध्यप्रदेश), जगदलपुर और अंबिकापुर के लिए विमान सेवाएं संचालित करेगी। कंपनी की हैदराबाद-जगदलपुर फ्लाइट रायपुर और अंबिकापुर के बीच भी अप-डाउन करेगी और इसके बाद जगदलपुर लौटेगी। यह विमान शाम 6:10 बजे हैदराबाद पहुंचेगा।

एलायंस एयर की यह सेवा छोटे एटीआर विमान से संचालित होगी। नए विंटर शेड्यूल से रायपुर सहित प्रदेश के अन्य शहरों के हवाई यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

रीसेंट पोस्ट्स