भिलाई में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: 2500 किलो मिठाई और 1000 लीटर दूध नष्ट, 3 प्रतिष्ठानों में उत्पादन बंद

इसके अलावा वैशाली नगर की एक दुकान में बिस्किट के पैकेट पर भविष्य की तारीख डालकर पैकिंग करने का मामला भी उजागर हुआ है। विभाग ने संबंधित संचालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
नंदनी रोड स्थित मां दुर्गा डेयरी में निरीक्षण के दौरान पनीर और दही बनाने वाले स्थान पर साफ-सफाई की गंभीर कमी मिली। जांच में पता चला कि पनीर तैयार करने के लिए एक्सपायरी तारीख वाला पैक्ड दूध इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने पनीर, दूध और दही के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे। वहीं नगर निगम की सहायता से करीब 1000 लीटर दूध और 80 किलो दही नष्ट कराया गया।
कैंप-2 स्थित गुप्ताजी लड्डू हाउस में जांच के दौरान लगभग 250 किलो मैदे के लड्डू मिले। खाद्य सुरक्षा विभाग को लड्डुओं में निर्धारित मानकों के विपरीत खाद्य रंग और मिठास बढ़ाने वाले पदार्थों के इस्तेमाल की आशंका हुई। इसके बाद विभाग ने लड्डुओं को नष्ट कराने की कार्रवाई की। प्रतिष्ठान में मिली अन्य खामियों को लेकर भी आगे की कार्रवाई शुरू की गई है।
बैकुंठधाम, कैंप-2 स्थित मुस्कान फूड प्रोडक्ट्स में भी साफ-सफाई की अनदेखी सामने आई। यहां गंदगी के बीच लड्डू, सोनपापड़ी, पेड़ा और बर्फी तैयार करने के साथ उनकी पैकिंग की जा रही थी। मिठाइयां बिना लेबल वाले प्लास्टिक के जार में रखी जा रही थीं। विभाग ने कार्रवाई करते हुए करीब 200 किलो पेड़ा, 1020 किलो सोनपापड़ी और 70 किलो मसूर पाक समेत अन्य मिठाइयों को नष्ट कराने की प्रक्रिया शुरू की।
वैशाली नगर स्थित जलाराम नमकीन एंड डेयरी में जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया। यहां बिस्किट के पैकेट पर 1 नवंबर 2026 की तारीख डालकर पैकिंग की जा रही थी, जबकि खाद्य विभाग की टीम ने 23 अक्टूबर को निरीक्षण किया था। इस तरह पैकेट पर वास्तविक जांच की तारीख से नौ दिन आगे की तारीख दर्ज की गई थी।
विभाग ने इसे ग्राहकों को गुमराह करने से जुड़ा गंभीर मामला मानते हुए दुकान संचालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया भी की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों पर कार्रवाई करना है।
