जशपुर में मूक-बधिर दिव्यांग महिला से खेत में दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को तुमला थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले 34 वर्षीय युवक ने अपनी दिव्यांग बहन के साथ हुई घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 25 अक्टूबर की शाम करीब 6:30 बजे वह शौच के लिए मैदान की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसे झाड़ियों की तरफ से किसी के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर वह तुरंत मौके पर पहुंचा, जहां उसने अपनी 37 वर्षीय मूक-बधिर बहन को गांव के ही चंद्रहास कुमार के साथ देखा। आरोप है कि चंद्रहास महिला के साथ दुष्कर्म कर रहा था। भाई को सामने देखकर आरोपी अपने कपड़े, पर्स और मोबाइल फोन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तुमला पुलिस ने आरोपी चंद्रहास कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) और 64(2)(i) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान अपराध स्वीकार करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों को लेकर गंभीर एवं संवेदनशील है। तुमला थाना क्षेत्र में दिव्यांग महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका: आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तुमला पीएसआई जितेंद्र कुमार साहू, पीएसआई विमलेश्वरी मरकाम, प्रधान आरक्षक फ्रांसिस बेक, आरक्षक मुकेश भगत और थाना तुमला के अन्य स्टाफ का योगदान रहा।
