छत्तीसगढ़ में 116 नेताओं की VIP सुरक्षा में होगी कटौती, केदार कश्यप से दीपक बैज तक के नाम शामिल

रायपुर : छत्तीसगढ़ में नेताओं को मिलने वाली VIP सुरक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी की जा रही है। बस्तर संभाग के BJP और कांग्रेस से जुड़े 116 नेताओं की सुरक्षा श्रेणी घटाए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके तहत कुछ नेताओं की Z+ सुरक्षा को Z और Z श्रेणी को Y में बदला जा सकता है। इस सूची में कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री कवासी लखमा और BJP नेता महेश गागड़ा समेत कई बड़े नाम शामिल हैं।
दरअसल, बस्तर क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों में कमी आने के बाद नेताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुरक्षा की समीक्षा की जा रही है। इसी आधार पर सुरक्षा श्रेणियों में बदलाव का फैसला लिया जा रहा है। प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि नेताओं की सुरक्षा के ग्रेड में कटौती की गई है। आने वाले छह महीनों में भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आगे कटौती की जाएगी।
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, BJP और कांग्रेस के नौ नेताओं की Z+ सुरक्षा घटाकर Z श्रेणी में किए जाने की बात सामने आई है। इनमें कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, BJP के पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व मंत्री कवासी लखमा शामिल हैं। इसके अलावा कर्मा परिवार को मिली सुरक्षा की श्रेणी में भी बदलाव किया जा सकता है। बस्तर के सांसदों, विधायकों और पूर्व मंत्रियों की सुरक्षा की भी समीक्षा की जा रही है।
छत्तीसगढ़ में VIP सुरक्षा पर होने वाला खर्च भी लगातार चर्चा में रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में करीब 400 नेताओं की सुरक्षा के लिए 1,550 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात हैं। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था में 500 से ज्यादा वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इन व्यवस्थाओं पर हर साल करीब 150 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का दावा किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बस्तर संभाग में करीब 250 छोटे नेताओं को भी VIP सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। इनकी सुरक्षा में 1,000 से अधिक जवानों की तैनाती का दावा किया गया है। इनमें कई नेताओं को Z+ और Y श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। अब नक्सली गतिविधियों में कमी के बाद सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव कर पुलिस बल के उपयोग को अधिक प्रभावी बनाने की तैयारी है।
