दीपावली से पहले छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों और पेंशनरों को सौगात, DA-DR में 2% की बढ़ोतरी; अब मिलेगा 60% भत्ता

Da hike

रायपुर : छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार ने दीपावली से पहले प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी आर्थिक राहत दी है। राज्य सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इस बढ़ोतरी के बाद DA और DR की दर 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगी। नई दरें 1 नवंबर 2026 से प्रभावी होंगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के इस फैसले से प्रदेश के करीब 3 लाख 85 हजार शासकीय कर्मचारी और 1 लाख 50 हजार पेंशनर लाभान्वित होंगे। इस तरह कुल लगभग 5 लाख 35 हजार लोगों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते और राहत का फायदा मिलेगा।

सरकार के इस निर्णय से राज्य के खजाने पर करीब 36 करोड़ रुपये प्रतिमाह का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा। वहीं, सालाना आधार पर सरकार को लगभग 432 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों को लेकर संवेदनशील है। दीपावली से पहले महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में की गई यह वृद्धि उन्हें आर्थिक संबल प्रदान करेगी। इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों के बीच त्योहार की खुशियां और उत्साह बढ़ेगा।