पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, रायपुर समेत कई जिलों में बदले अधिकारी

police transfer

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस विभाग में व्यापक प्रशासनिक बदलाव करते हुए राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के 33 अधिकारियों का तबादला कर दिया है। गृह (पुलिस) विभाग की ओर से 30 अक्टूबर को जारी आदेश में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तबादला सूची में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP), नगर पुलिस अधीक्षक (CSP), उप पुलिस अधीक्षक (DSP) और सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) स्तर के अधिकारी शामिल हैं।

जारी आदेश के अनुसार, सभी अधिकारियों की नई पदस्थापना प्रशासनिक आधार पर तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से की गई है। इस फेरबदल का असर रायपुर नगरीय पुलिस के साथ-साथ बिलासपुर, कोरबा, बालोद, सरगुजा, बलरामपुर, धमतरी, बेमेतरा और अन्य जिलों में भी देखने को मिलेगा।

रचा मिश्रा को नारायणपुर की 16वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल से बिलासपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) बनाया गया है। शैलेश कुमार पांडेय को धमतरी से बलरामपुर जिले में ASP की जिम्मेदारी दी गई है। रामगोपाल करियारे को बिलासपुर से कटघोरा (कोरबा) और नितीश कुमार ठाकुर को कटघोरा से बेमेतरा जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर भेजा गया है।

राजधानी रायपुर की पुलिस व्यवस्था में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। लतेश सिंह को गरियाबंद से रायपुर में सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) बनाया गया है। सौरभ उईके को सुकमा से रायपुर नगरीय पुलिस में इसी पद पर नियुक्त किया गया है। मणीशंकर चंद्रा को पुलिस मुख्यालय की विशेष शाखा से रायपुर पुलिस लाइन में सहायक पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, देवे कुमार सिंह को कोरबा से सरगुजा में DSP (यातायात) बनाया गया है। विकास पाटले को दल्लीराजहरा से बालोद में बालक विरुद्ध अपराध अनुसंधान शाखा की जिम्मेदारी दी गई है। विशाल गर्ग को बीजापुर से सूरजपुर में नगर पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है।

सुकमा, नारायणपुर और बस्तर क्षेत्र में तैनात अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। आशीष कुमार नेताम को नारायणपुर से सुकमा में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बनाया गया है। संगम राम को बस्तर से कबीरधाम जिले के बोड़ला में SDOP और अमृता पैकरा को नारायणपुर से बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर में SDOP की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा सुशांतो बनर्जी को रायगढ़ से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, माया शर्मा को बालोद से छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण रायपुर और विवेक शर्मा को बिलासपुर रेंज से बेमेतरा जिले में पदस्थ किया गया है।

गृह विभाग के आदेश में कुल 33 अधिकारियों की पदस्थापना का उल्लेख है। आदेश राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री के अनुमोदन का भी उल्लेख किया गया है।