छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में हो रही बारिश से जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है, वहीं कुछ इलाकों में तेज बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट और उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
प्रदेश में सबसे अधिक बारिश उत्तरी छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में दर्ज की गई है। पिछले कुछ घंटों में कुसमी क्षेत्र में 28 सेंटीमीटर बारिश हुई, जो प्रदेश में सर्वाधिक है। वहीं चांदो और सामरी में 14-14 सेंटीमीटर तथा कुनकुरी में 12 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा तमनार और रामानुजगंज में 9-9 सेंटीमीटर, जबकि कांसाबेल, सन्ना और रायगढ़ में 8-8 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है, जबकि उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा हुई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में एक साथ तीन मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं, जिनके प्रभाव से बारिश की गतिविधियों में तेजी आई है। उत्तरी छत्तीसगढ़ और उससे लगे पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर एक स्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण करीब 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है।
वहीं दक्षिणी अंडमान सागर और आसपास के अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ऊपर भी एक अन्य निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जिसका विस्तार लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से उत्तरी छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इन तीनों मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में बारिश का दौर जारी है।
राजधानी रायपुर में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शहर के कुछ इलाकों में एक-दो बार हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक रायपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में भी अंतर देखने को मिल रहा है। जगदलपुर में अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यहां सुबह और रात के समय ठंडक महसूस की जा रही है। लगातार बदलते मौसम के बीच प्रदेश के कई इलाकों में लोगों को हल्की ठंड का अहसास होने लगा है।
