छत्तीसगढ़ में थमा चक्रवात ‘मुरासु’ का असर, धनतेरस और दिवाली पर कैसा रहेगा मौसम? मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान

mausam

रायपुर : छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से जारी बेमौसम बारिश का दौर अब थमता नजर आ रहा है। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का असर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगभग समाप्त हो गया है। तूफान के प्रभाव से कई जिलों में हल्की से लेकर तेज बारिश हुई थी, लेकिन अब मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है। आसमान साफ होने के साथ ही लोगों को बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है।
त्योहारी सीजन में खरीदारी और अन्य तैयारियों में जुटे लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 5 नवंबर से प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। ऐसे में धनतेरस और दीपावली के दौरान बारिश की आशंका काफी कम है। मौसम विभाग ने भी इन त्योहारों के दौरान प्रदेश के लिए बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।

राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि, बादलों की आवाजाही के बावजूद भारी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।

मंगलवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे प्रदेश में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा।

बुधवार को कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना को छोड़ दें तो अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। यानी दिवाली के त्योहार पर लोगों को बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है।

 

रीसेंट पोस्ट्स