राजनांदगांव में ACB का बड़ा एक्शन: 20 हजार की रिश्वत लेते प्रधान आरक्षक गिरफ्तार, 5 लाख मांगने का आरोप

राजनांदगांव : राजनांदगांव जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बसंतपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक किशोर यादव को गिरफ्तार किया है। एसीबी की टीम ने आरोपी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोप है कि उसने निजी लोन के सेटलमेंट के नाम पर एक व्यक्ति से 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला करीब 18 लाख रुपये के निजी लोन के लेनदेन से संबंधित है। आरोप है कि प्रधान आरक्षक किशोर यादव ने लोन का सेटलमेंट कराने के बदले प्रार्थी गौरव अग्रवाल से 5 लाख रुपये की मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर गौरव अग्रवाल ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने पहले मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद अधिकारियों ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय योजना के मुताबिक कार्रवाई करते हुए टीम ने प्रधान आरक्षक किशोर यादव को 20 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। फिलहाल मामले में जांच जारी है।
