25 करोड़ की रंगदारी मामले में शोएब ढेबर को हाई कोर्ट से राहत, अगली सुनवाई तक गिरफ्तारी पर रोक

high court

बिलासपुर। कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हाई कोर्ट ने रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज इस मामले में उनकी गिरफ्तारी पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है। जस्टिस पीपी साहू की सिंगल बेंच ने यह अंतरिम आदेश जारी किया। मामले की अगली सुनवाई 27 नवंबर 2026 को निर्धारित की गई है।

सुनवाई के दौरान शोएब ढेबर की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव श्रीवास्तव और अधिवक्ता गगन तिवारी ने पक्ष रखा। बचाव पक्ष ने अदालत को बताया कि शोएब को 27 सितंबर 2026 को तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, गिरफ्तारी के दौरान दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 50 और 36 के तहत निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया था। इस आधार पर रिमांड मजिस्ट्रेट ने उन्हें रिहा करने का आदेश दिया था।

बचाव पक्ष ने दलील दी कि रिहाई के बाद दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति देने से पहले आरोपी को अपना पक्ष रखने का उचित अवसर दिया जाना चाहिए था। इसके लिए सुप्रीम कोर्ट के मिहिर राजेश शाह बनाम महाराष्ट्र राज्य और जसकरण जीत सिंह देओल बनाम पंजाब राज्य के फैसलों का हवाला दिया गया।

अधिवक्ताओं का कहना था कि पुलिस के आवेदन की प्रति आरोपी को दिए बिना और उसका पक्ष सुने बगैर दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति देना प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है।

मामले की सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने पाया कि मजिस्ट्रेट ने पुलिस या जांच एजेंसी के आवेदन पर सामान्य टिप्पणी और हस्ताक्षर के जरिए दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति दे दी थी। आदेश में आरोपी को सुनवाई का अवसर देने या इस संबंध में किसी अलग प्रक्रिया का रिकॉर्ड नहीं मिला।

हाई कोर्ट ने प्रथम दृष्टया माना कि दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति देते समय प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन नहीं किया गया।

वहीं, राज्य शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता आशीष शुक्ला ने पक्ष रखते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया है। उन्होंने संबंधित दस्तावेज उपलब्ध होने की जानकारी देते हुए जवाब पेश करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाई कोर्ट ने अंतरिम आदेश जारी करते हुए अगली सुनवाई तक शोएब ढेबर की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी।

दरअसल, रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा को विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप संदेश भेजे गए थे। आरोप है कि इन संदेशों के जरिए उनसे 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।

इस मामले में शोएब ढेबर को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किया था। गिरफ्तारी की वैधता और दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति देने की प्रक्रिया को लेकर मामला हाई कोर्ट पहुंचा, जहां फिलहाल उन्हें अंतरिम राहत मिल गई है।

रीसेंट पोस्ट्स