CG Nursing Admission: नर्सिंग के 5 कोर्स में एडमिशन की तारीख बढ़ी, INC ने 20 नवंबर तक दी मोहलत

रायपुर : छत्तीसगढ़ में नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय नर्सिंग परिषद (INC) ने राज्य में नर्सिंग के पांच प्रमुख पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाने पर सहमति दे दी है। अब अभ्यर्थी 20 नवंबर 2026 तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इस संबंध में परिषद ने चिकित्सा शिक्षा आयुक्त को आधिकारिक पत्र भेजकर जानकारी दी है।
भारतीय नर्सिंग परिषद के पत्र के अनुसार, छत्तीसगढ़ के चिकित्सा शिक्षा निदेशालय (DME) और स्वास्थ्य सेवा निदेशालय (DHS) की ओर से प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाने के लिए पहले ही अनुरोध किया गया था। इसके बाद स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय से 19 नवंबर 2026 को प्राप्त ईमेल और संबंधित विभागों के पत्रों के आधार पर परिषद ने प्रवेश की तारीख बढ़ाने पर अपनी सहमति जताई है।
परिषद के इस फैसले का लाभ राज्य के पांच प्रमुख नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा। इनमें शामिल हैं:
-
जीएनएम (GNM)
-
बीएससी नर्सिंग (B.Sc Nursing)
-
एमएससी नर्सिंग (M.Sc Nursing)
-
पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग (P.B.B.Sc Nursing)
-
पीबी डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग (Post Basic Diploma in Psychiatric Nursing)
प्रवेश की तारीख बढ़ाने के साथ ही भारतीय नर्सिंग परिषद ने देरी के कारणों पर भी अपना रुख स्पष्ट किया है। परिषद के मुताबिक, प्रशासनिक अनियमितताओं और ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया में देरी जैसे कारण राज्य सरकार के अधिकारियों के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। इनका परिषद के नियामक क्षेत्राधिकार से सीधा संबंध नहीं है।
भारतीय नर्सिंग परिषद ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रवेश की अंतिम तिथि में यह विस्तार अंतिम होगा। 20 नवंबर 2026 के बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की समय-सीमा आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। परिषद ने यह भी कहा है कि इस फैसले को भविष्य में अन्य राज्यों या मामलों के लिए उदाहरण नहीं माना जाएगा। ऐसे में नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

