महादेव सट्टा ऐप केस: 15 करोड़ की डील, 60 करोड़ का हवाला कनेक्शन! हिमांशु 28 नवंबर तक ED रिमांड पर

enforment ED

रायपुर : महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच में अब करोड़ों रुपये के कथित हवाला लेन-देन और न्यायिक अधिकारियों को प्रभावित करने के आरोप सामने आए हैं। ईडी ने अपनी रिमांड अर्जी में हिमांशु शेखर उर्फ मोहित पर सट्टा ऐप प्रमोटरों से मोटी रकम लेने और उन्हें कानूनी मामलों में राहत दिलाने का भरोसा देने का आरोप लगाया है।

रायपुर की पीएमएलए स्पेशल कोर्ट में इस मामले की सुनवाई 23 नवंबर की रात 10:45 बजे शुरू हुई और 24 नवंबर की रात करीब 1 बजे तक चली। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश अमित राठौर ने हिमांशु शेखर को 28 नवंबर तक ईडी की कस्टोडियल रिमांड पर भेज दिया।

ईडी की रिमांड अर्जी के मुताबिक, अक्टूबर 2023 में दुबई के विला नंबर 45 में महादेव ऐप प्रमोटरों और हिमांशु शेखर के बीच मुलाकात हुई थी। एजेंसी ने सौरभ चंद्राकर के बयान का हवाला देते हुए दावा किया है कि इस बैठक में आपराधिक मामलों में राहत दिलाने के बदले 15 करोड़ रुपये देने की बात हुई थी।

ईडी का आरोप है कि हिमांशु प्रमोटरों को वकीलों और जजों से संपर्क होने तथा उनके मामलों में राहत दिलाने का भरोसा देता था। हालांकि, ये सभी आरोप फिलहाल जांच के दायरे में हैं।

ईडी की अर्जी में दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच कई किस्तों में कथित भुगतान का जिक्र है। आरोप है कि यह रकम दिल्ली और मुंबई के हवाला ऑपरेटरों के जरिए नकद पहुंचाई जाती थी। कुछ रकम दुबई भेजे जाने की बात भी सामने आई है।

21 नवंबर को दिल्ली में हिमांशु से जुड़े चार ठिकानों पर छापेमारी के दौरान ईडी को हाथ से लिखे नोट मिले। इनमें 10 करोड़, 15 करोड़, 35 करोड़ और 45 करोड़ रुपये के साथ हर महीने 60 करोड़ रुपये देने का हिसाब दर्ज होने का दावा किया गया है। नोट्स में मुंबई और दिल्ली के कथित हवाला ऑपरेटरों के नाम भी मिले हैं।

ईडी ने हिमांशु के मोबाइल की जांच में 473 एमबी का एक वीडियो मिलने की जानकारी दी है, जिसके प्रीव्यू पर ‘MAHADEV BOOK’ लिखा था। इसके अलावा अक्टूबर 2023 की वीडियो फाइलें और चार पार्टी क्लिप भी मिलने का दावा किया गया है।

एजेंसी के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर के बयान में हिमांशु का नाम सामने आने के अगले दिन व्हाट्सऐप पर एक मैसेज भेजकर सात सेकंड के भीतर डिलीट कर दिया गया था। ईडी डिजिटल सबूतों की भी जांच कर रही है।

ईडी ने हिमांशु की कंपनी यशाह मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के वित्तीय रिकॉर्ड भी अदालत में पेश किए हैं। एजेंसी के अनुसार, कंपनी का राजस्व 2022-23 में 52.66 लाख रुपये था, जो 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपये हो गया। इसके अलावा कंपनी द्वारा रेंज रोवर और महिंद्रा थार के लिए लोन लेने की जानकारी भी सामने आई है।

पूछताछ में हिमांशु ने दुबई में महादेव ऐप प्रमोटरों के साथ बैठक होने की बात स्वीकार की है। हालांकि, उसने वसीम कुरैशी से 25 लाख और प्रमोटरों से 40 लाख रुपये बैंक खाते के जरिए मिलने की बात कही और इसे प्रोफेशनल फीस बताया। दूसरी ओर, ईडी 15 करोड़ रुपये की कथित डील और अन्य नकद लेन-देन की जांच कर रही है।

फिलहाल 28 नवंबर तक ईडी की रिमांड के दौरान हिमांशु से कथित हवाला नेटवर्क, करोड़ों के लेन-देन, मोबाइल से मिले डिजिटल सबूतों और सट्टा ऐप प्रमोटरों से संबंधों को लेकर पूछताछ की जाएगी।