बिलासपुर हाई कोर्ट का बड़ा फैसला: कबीरधाम कलेक्टर का नियम विरुद्ध आदेश निरस्त, 4 सप्ताह में मांगा जवाब

high court

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर हाई कोर्ट ने कबीरधाम जिला कलेक्टर के एक आदेश को नियमों के विपरीत मानते हुए निरस्त कर दिया है। मामले में कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताते हुए राज्य शासन और कबीरधाम कलेक्टर को नोटिस जारी कर चार सप्ताह के भीतर जवाब पेश करने का निर्देश दिया है।

राज्य शासन ने 19 फरवरी 2026 को राजस्व निरीक्षकों को सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख के पद पर पदोन्नत करने का आदेश जारी किया था। इसके तहत मुंगेली में पदस्थ राजस्व निरीक्षक अर्जुन साहू को पदोन्नति देकर कबीरधाम जिले में स्थानांतरित किया गया था।

कबीरधाम में पदभार संभालने के बाद कलेक्टर ने 1 मई 2026 को आदेश जारी कर उन्हें नायब तहसीलदार के रूप में काम करने के निर्देश दिए। अर्जुन साहू ने इस आदेश को शासन के नियमों के विपरीत बताते हुए हाई कोर्ट में चुनौती दी।

अर्जुन साहू की ओर से अधिवक्ता मिर्जा हफीज बेग ने रिट याचिका दायर की। 23 नवंबर 2026 को सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने पाया कि कलेक्टर का आदेश शासन द्वारा 2 जून 2023 को जारी निर्देशों के विपरीत है। इस आधार पर कोर्ट ने आदेश को निरस्त कर दिया।

सुनवाई में यह भी सामने आया कि राज्य शासन ने 12 जून 2026 को सभी कलेक्टरों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख को तहसीलदार या नायब तहसीलदार के पद पर पदस्थ नहीं किया जाए।

इसके बावजूद कबीरधाम कलेक्टर द्वारा ऐसा आदेश जारी किए जाने पर हाई कोर्ट ने गंभीर रुख अपनाया। कोर्ट ने राज्य शासन और कलेक्टर को नोटिस जारी कर चार सप्ताह में जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई चार सप्ताह बाद होगी।