रायपुर में 300 करोड़ से बनेगी आधुनिक वाशिंग लाइन, 500 करोड़ बचाएगा रेलवे; नई ट्रेनें चलाने का रास्ता होगा आसान

रायपुर। रायपुर से नई ट्रेनें शुरू होने का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे ने ट्रेनों के रखरखाव और मरम्मत की सुविधा बढ़ाने के लिए रायपुर में आधुनिक वाशिंग लाइन बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए नवा रायपुर के केंद्री में प्रस्तावित 800 करोड़ रुपये की परियोजना को छोड़कर अब मंडीगेट के पास रेलवे की अपनी जमीन पर करीब 300 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बनाई गई है। इस फैसले से रेलवे को लगभग 500 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है। साथ ही ट्रेनों की मरम्मत और धुलाई के लिए दुर्ग पर निर्भरता भी कम होगी।
फिलहाल रायपुर रेल मंडल की कई ट्रेनों की प्राथमिक मरम्मत, धुलाई और तकनीकी जांच दुर्ग की वाशिंग लाइन में की जाती है। इस वजह से रायपुर से नई ट्रेनों का संचालन शुरू करने की क्षमता सीमित रहती है। मंडीगेट के पास नई वाशिंग लाइन बनने से ट्रेनों की धुलाई, कोच की मरम्मत और तकनीकी जांच रायपुर में ही हो सकेगी। इससे दुर्ग की वाशिंग लाइन पर दबाव कम होगा और वहां दूसरी ट्रेनों के रखरखाव के लिए अतिरिक्त जगह उपलब्ध हो सकेगी।
रेलवे ने पहले नवा रायपुर के केंद्री में वाशिंग लाइन बनाने की योजना तैयार की थी। इसके लिए नया रायपुर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) से करीब 60 एकड़ जमीन खरीदने की जरूरत थी। जमीन की कीमत और निर्माण लागत मिलाकर परियोजना का बजट लगभग 800 करोड़ रुपये तक पहुंच रहा था।
वहीं, 500 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं के लिए नीति आयोग की स्वीकृति प्रक्रिया से गुजरना पड़ता। ऐसे में रेलवे ने कम खर्च वाला विकल्प तलाशा। अब रायपुर-विशाखापट्टनम रेल मार्ग पर मंडीगेट के पास रेलवे की खाली जमीन पर वाशिंग लाइन बनाने की तैयारी है। अपनी जमीन होने के कारण खरीदारी का खर्च नहीं आएगा और परियोजना की अनुमानित लागत घटकर करीब 300 करोड़ रुपये रह जाएगी।
वाशिंग लाइन में सिर्फ ट्रेनों की सफाई ही नहीं होती, बल्कि सुरक्षित संचालन के लिए कोच की तकनीकी जांच और जरूरी मरम्मत भी की जाती है। एक ट्रेन की मैकेनिकल जांच, मरम्मत और धुलाई में करीब छह घंटे का समय निर्धारित है। इस दौरान प्रत्येक कोच के पुर्जों की जांच की जाती है और खराब हिस्सों को ठीक किया जाता है।
प्रस्तावित वाशिंग लाइन में आधुनिक मशीनों और क्रेन की व्यवस्था करने की योजना है। इससे भारी पुर्जों को खोलने, उठाने और बदलने में आसानी होगी। कर्मचारियों का समय बचेगा और रखरखाव का काम भी तेजी से किया जा सकेगा।
नई वाशिंग लाइन बनने से रायपुर रेल मंडल की ट्रेनों के रखरखाव की क्षमता बढ़ेगी। इसका सीधा फायदा भविष्य में नई ट्रेनें शुरू करने की योजना को मिल सकता है।
-
दुर्ग पर निर्भरता कम होगी: ट्रेनों की मरम्मत और धुलाई रायपुर में ही हो सकेगी।
-
नई ट्रेनें चलाने की संभावना बढ़ेगी: रखरखाव की अतिरिक्त सुविधा से संचालन क्षमता विकसित होगी।
-
समय की बचत होगी: ट्रेनों को मरम्मत के लिए दूसरे यार्ड में भेजने की जरूरत कम पड़ेगी।
-
आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी: क्रेन और मशीनों से मरम्मत का काम आसान होगा।
-
500 करोड़ की बचत: रेलवे को जमीन खरीदने पर खर्च नहीं करना पड़ेगा।
रायपुर रेल मंडल के डीआरएम दयानंद के अनुसार, रायपुर में वाशिंग लाइन नहीं होने से ट्रेनों के रखरखाव की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसी वजह से यहां से अधिक संख्या में ट्रेनें शुरू करने में परेशानी आती है। रेलवे अब मंडीगेट के पास अपनी जमीन पर वाशिंग लाइन बनाने की योजना पर काम कर रहा है। इससे करीब 300 करोड़ रुपये में परियोजना पूरी करने का अनुमान है।
