संजू त्रिपाठी हत्याकांड में नया मोड़! 22 आरोपियों के बरी होने के फैसले के खिलाफ हाई कोर्ट जाएगी पुलिस

high

बिलासपुर : बहुचर्चित हिस्ट्रीशीटर संजू त्रिपाठी हत्याकांड में सभी 22 आरोपियों को बरी किए जाने के फैसले के खिलाफ अब पुलिस हाई कोर्ट जाने की तैयारी कर रही है। निचली अदालत के फैसले को चुनौती देने के लिए बिलासपुर पुलिस ने प्रकरण जिला अभियोजन अधिकारी (डीपीओ) को भेज दिया है। डीपीओ की समीक्षा के बाद प्रस्ताव कलेक्टर के माध्यम से शासन को भेजा जाएगा। शासन की अनुमति मिलने के बाद ही हाई कोर्ट में अपील दायर करने की प्रक्रिया शुरू होगी।

बिलासपुर के एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि पुलिस सीधे हाई कोर्ट में अपील नहीं कर सकती। इसके लिए निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना जरूरी है। दरअसल, 30 अक्टूबर को 10वें अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश आदित्य जोशी की अदालत ने संजू त्रिपाठी हत्याकांड में सभी 22 आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया था। फैसले के बाद एसएसपी ने जिला अभियोजन कार्यालय को पत्र लिखकर अपील की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया था।

पुलिस ने अभियोजन कार्यालय को भेजे दो पन्नों के पत्र में 12 बिंदुओं के जरिए जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों का उल्लेख किया है। इसमें परिस्थितिजन्य, तकनीकी और भौतिक साक्ष्य शामिल हैं।

पुलिस ने दो देशी पिस्तौल और कारतूस की बरामदगी, हथियारों की जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को अपील का प्रमुख आधार बनाया है। इसके अलावा मोबाइल डेटा, चैट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), लोकेशन और CCTV फुटेज का भी हवाला दिया गया है।

वहीं, बैंक खातों के लेनदेन, वाहनों और हथियारों की बरामदगी, कथित सुपारी की रकम से जुड़े लेनदेन तथा 30 से अधिक स्वतंत्र और पुलिस गवाहों के बयानों को भी फैसले के खिलाफ महत्वपूर्ण साक्ष्य बताया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डीपीओ स्तर पर दस्तावेजों और साक्ष्यों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद प्रस्ताव कलेक्टर के माध्यम से शासन को भेजा जाएगा। शासन से मंजूरी मिलने पर प्रकरण महाधिवक्ता कार्यालय पहुंचेगा। यहां से राज्य शासन की ओर से हाई कोर्ट में अपील दायर की जाएगी।

इस बीच संजू त्रिपाठी की पत्नी किरण त्रिपाठी ने एसएसपी रजनेश सिंह से मुलाकात कर खुद और परिवार के सदस्यों की सुरक्षा की मांग की है। एसएसपी ने उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया है। साथ ही सिविल लाइन थाना पुलिस को उनके घर के आसपास नियमित गश्त करने के निर्देश दिए हैं।