32 साल बाद पति को मिला तलाक, दूसरे पुरुष से पत्नी का लगातार संपर्क रखना हाईकोर्ट ने माना मानसिक क्रूरता

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने वैवाहिक विवाद से जुड़े एक अहम फैसले में स्पष्ट किया है कि पति की आपत्ति के बावजूद पत्नी का किसी दूसरे पुरुष से लगातार संपर्क बनाए रखना और उसके साथ मेलजोल जारी रखना मानसिक क्रूरता माना जा सकता है। इसके लिए शारीरिक संबंधों का प्रत्यक्ष प्रमाण होना अनिवार्य नहीं है। परिस्थितिजन्य साक्ष्य और परिवार के सदस्यों की गवाही भी मानसिक क्रूरता साबित करने के लिए पर्याप्त आधार हो सकती है।
हाईकोर्ट ने इसी आधार पर शादी के करीब 32 साल बाद पति की तलाक याचिका स्वीकार करते हुए फैमिली कोर्ट का पुराना फैसला रद्द कर दिया। फैमिली कोर्ट ने पर्याप्त सबूत नहीं होने का हवाला देकर पति की तलाक की मांग खारिज कर दी थी।
यह मामला कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी दंपती से जुड़ा है। दोनों की शादी वर्ष 1994 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं।
पति ने फैमिली कोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी का एक दूसरे पुरुष से करीबी संपर्क है। विरोध करने और कई बार समझाने के बावजूद पत्नी ने उस व्यक्ति से बातचीत और मेलजोल जारी रखा। पति का कहना था कि इस वजह से उसे लगातार मानसिक तनाव और प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।
पति की याचिका पर सुनवाई करते हुए फैमिली कोर्ट ने 23 नवंबर 2019 को पर्याप्त साक्ष्य नहीं होने के आधार पर तलाक देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद पति ने फैमिली कोर्ट के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी।
मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने दस्तावेजों, गवाहों के बयान और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया। कोर्ट ने पाया कि फैमिली कोर्ट ने कुछ महत्वपूर्ण तथ्यों और साक्ष्यों पर उचित तरीके से विचार नहीं किया था।
हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान दंपती की बेटी ने गवाही देते हुए बताया कि उसकी मां एक व्यक्ति से लगातार फोन पर बातचीत करती थी। परिवार के सदस्यों ने कई बार उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद उसने उस व्यक्ति से संपर्क खत्म नहीं किया।
बेटी ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर परिवार में कई बार बातचीत हुई और समझाइश दी गई, लेकिन कोई बदलाव नहीं आया।
दंपती के बेटे ने भी अदालत में बयान दिया कि पिता की अनुपस्थिति में वह व्यक्ति उनके घर आता था। जब बच्चों ने इस बारे में पिता को जानकारी दी, तो मां ने उन्हें डांट दिया था।
बेटे के मुताबिक, एक बार उसकी मां घर छोड़कर उस व्यक्ति के घर भी चली गई थी। हाईकोर्ट ने इन बयानों को दूसरे साक्ष्यों के साथ मिलाकर देखा।
पति ने कोर्ट को बताया कि 22 अगस्त 2017 को पत्नी के माता-पिता की तबीयत खराब होने पर उसने उसे अस्पताल भेजा था। बाद में उसने पत्नी को उसी व्यक्ति के साथ बाइक पर जाते हुए देखा।
पति के अनुसार, इस घटना के बाद पत्नी को समझाया गया था और उसने भविष्य में ऐसा नहीं करने का भरोसा दिया था। हालांकि, कुछ समय बाद दोनों के बीच फिर से संपर्क शुरू हो गया।
मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा कि वैवाहिक विवादों में शारीरिक संबंधों का प्रत्यक्ष प्रमाण जुटाना हमेशा संभव नहीं होता। हर मामले में फोन रिकॉर्डिंग, वीडियो या अन्य प्रत्यक्ष साक्ष्य मिलने की उम्मीद नहीं की जा सकती।
कोर्ट ने कहा कि ऐसे मामलों में परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और गवाहों के बयानों का समग्र मूल्यांकन किया जाना चाहिए। पति की आपत्ति के बावजूद दूसरे पुरुष से लगातार बातचीत करना, उसकी गैरमौजूदगी में उसे घर बुलाना और उसके साथ बाहर जाना जैसी गतिविधियां मानसिक क्रूरता के निर्धारण में महत्वपूर्ण हो सकती हैं।
मामले में जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डिवीजन बेंच ने फैमिली कोर्ट के फैसले को पलटते हुए पति की अपील स्वीकार कर ली।
हाईकोर्ट ने हिंदू विवाह अधिनियम, 1955 की धारा 13(1)(ia) के तहत विवाह विच्छेद की डिक्री जारी कर दी। इस फैसले के साथ ही शादी के करीब 32 साल बाद पति को तलाक मिल गया।
कोर्ट के इस फैसले में यह महत्वपूर्ण बात सामने आई कि वैवाहिक जीवन में मानसिक क्रूरता का आकलन केवल प्रत्यक्ष सबूतों से नहीं, बल्कि परिस्थितियों और पारिवारिक गवाहियों के आधार पर भी किया जा सकता है।
