ED की बड़ी कार्रवाई: रायपुर, भिलाई और धमतरी में एक साथ छापेमारी, महादेव सट्टा ऐप मामले में वित्त सहायक के घर दबिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए राजधानी रायपुर समेत भिलाई और धमतरी में एक साथ छापेमारी की है। सुबह करीब 6 बजे ईडी की अलग-अलग टीमें कई ठिकानों पर पहुंचीं और जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती भी की गई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रायपुर के जोरा स्थित पार्क शिरीन कॉलोनी में ईडी की टीम ने दबिश दी है। बताया जा रहा है कि महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में जेल एवं होमगार्ड विभाग में वित्त सहायक के पद पर कार्यरत राजेन्द्र सिंह के घर पर छापेमारी की गई है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह ईडी की अलग-अलग टीमें रायपुर, भिलाई और धमतरी में एक साथ सक्रिय हुईं। अधिकारियों ने संबंधित ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेजों और जरूरी रिकॉर्ड की जांच शुरू की। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की मदद ली जा रही है।
तीन शहरों में एक साथ हुई इस कार्रवाई के बाद संबंधित कारोबारियों और अन्य लोगों के बीच चर्चाएं तेज हो गई हैं।
ईडी के अधिकारी फिलहाल संबंधित ठिकानों पर उपलब्ध दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड खंगाल रहे हैं। हालांकि, अब तक किसी बड़ी बरामदगी, नकदी या अहम दस्तावेज मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह कार्रवाई किसी पुराने मामले की जांच का हिस्सा है या किसी नए प्रकरण से जुड़ी है, इस बारे में भी अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
इससे पहले 30 अक्टूबर 2026 को भी छत्तीसगढ़ में ईडी और आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की टीमों ने अलग-अलग ठिकानों पर कार्रवाई की थी। उस दौरान रायपुर के बैरन बाजार इलाके में अनवर ढेबर के निवास पर भी ईडी की टीम पहुंची थी।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CGMSC) और कोयले से जुड़े मामलों में भी विभिन्न स्थानों पर जांच की गई थी।
