बिलासपुर में 48.90 लाख की ठगी: रकम दोगुनी करने का झांसा देकर किराना व्यापारी को लगाया चूना, रोहरा ब्रदर्स परिवार समेत दुबई फरार

बिलासपुर : कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच देकर ठगी करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। शहर के कपड़ा कारोबारी रोहरा ब्रदर्स पर एक किराना व्यापारी से 48 लाख 90 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। शिकायत के अनुसार, दोनों भाइयों ने करीब एक साल तक जमीन और अन्य निवेश में मोटा मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर अलग-अलग किस्तों में रकम वसूली। आरोपियों पर भरोसा इतना बढ़ गया कि व्यापारी ने अपना सोना तक गिरवी रख दिया और उधार लेकर भी पैसे निवेश कर दिए। लेकिन जब रकम वापस करने का समय आया, तो दोनों भाई कथित तौर पर परिवार सहित दुबई चले गए।
गांधीनगर निवासी 36 वर्षीय दीपक भगतानी कतियापारा में किराना दुकान चलाते हैं। श्रीराम क्लॉथ मार्केट स्थित संस्कृति गारमेंट के संचालक सुनील रोहरा और मनीष रोहरा से उनकी वर्ष 2020 से जान-पहचान थी। बताया जा रहा है कि समय के साथ तीनों सट्टे के कारोबार से भी जुड़ गए थे।
आरोप है कि सुनील और मनीष ने अपनी आर्थिक स्थिति, रहन-सहन और नई संपत्तियों का प्रदर्शन कर दीपक का भरोसा जीता। इसके बाद ओडिशा, राजिम और जबलपुर में जमीन खरीदने-बेचने के नाम पर निवेश कर रकम दोगुनी करने का लालच दिया। जब दीपक ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी कभी जमीन में पैसा फंसे होने, कभी शेयर मार्केट और कभी सट्टे में रकम लगे होने की बात कहकर उन्हें टालते रहे। इसी बीच दोनों भाइयों के परिवार सहित दुबई चले जाने की बात सामने आई।
शिकायत में बताया गया है कि जुलाई 2025 से मार्च 2026 के बीच आरोपियों ने अलग-अलग माध्यमों से दीपक से कुल 48.90 लाख रुपए लिए। इसमें 29.10 लाख रुपए नकद और 19.80 लाख रुपए बैंक खातों के जरिए जमा कराए गए।
दीपक ने हंसा विहार स्थित फ्लैट की पार्किंग में मनीष रोहरा को दो किस्तों में 15 लाख रुपए और सुनील रोहरा को 5.10 लाख रुपए नकद दिए। इसके अलावा दुकान पर 3 लाख रुपए और शैलेन्द्र शिंदे के माध्यम से 6 लाख रुपए दिए जाने की बात शिकायत में कही गई है।
वहीं, ऑनलाइन लेनदेन के जरिए नेहा रोहरा के खाते में 4 लाख, हेमंत नरवानी के खाते में 4 लाख, मनीष रोहरा के खाते में 3 लाख और सुनील रोहरा के खाते में 1 लाख रुपए जमा कराए गए। इसके अलावा देवेश लाहेजा के खाते में 50 हजार, परमेश्वर देवांगन के खाते में 21 हजार और अन्य खातों में भी रकम ट्रांसफर की गई। शिकायत के मुताबिक, 31 जुलाई 2025 को नेहा रोहरा के खाते में 4 लाख रुपए आरटीजीएस/एनईएफटी के जरिए भेजे गए थे। इसके बाद 25 मार्च 2026 तक ऑनलाइन लेनदेन होता रहा।
आरोप है कि रोहरा ब्रदर्स ने अपने परिचित आकाश गोगा, हेमंत नरवानी और अजय जज्ञासी को बड़े रियल एस्टेट निवेशक के रूप में पेश किया। करोड़ों के मुनाफे का सपना दिखाकर दीपक को अपने परिवार और परिचितों से भी निवेश करवाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें एक नंबर और दो नंबर में रकम दोगुनी करने का भरोसा दिया जाता था।
इस पूरे मामले में आईपीएल सट्टे का एंगल भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि कोतवाली पुलिस ने पहले दीपक भगतानी को आईपीएल मैच में सट्टा खिलाते हुए पकड़ा था। पूछताछ के दौरान विशाल विधानी के माध्यम से सट्टे की आईडी मिलने और उसके तार रोहरा ब्रदर्स तक पहुंचने की बात सामने आई थी।
वहीं, करीब सात दिन पहले पुलिस द्वारा आरोपियों के घर से 25 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त किए जाने की चर्चा भी इलाके में है। फिलहाल यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
