MBBS छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, दो विषयों में बैक आने से था तनाव में; कमरे से मिला सुसाइड नोट

maut

दुर्ग : दुर्ग जिले में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे एक एमबीबीएस छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें छात्र ने अपने माता-पिता से माफी मांगी है। शुरुआती जांच में परीक्षा के दो विषयों में बैक आने के बाद से छात्र के तनाव में रहने की बात सामने आई है। घटना स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र की है।

मृतक की पहचान ग्राम चरौदा-जंजगीरी निवासी अभिजीत देवांगन के रूप में हुई है। वह चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस तृतीय वर्ष का छात्र था। पढ़ाई के लिए वह भिलाई के कोहका स्थित अवंति बाई चौक के पास एक पीजी में रह रहा था।

परिजनों के मुताबिक, अभिजीत ने काफी मेहनत और संघर्ष के बाद नीट परीक्षा पास की थी। हालांकि, पिछली परीक्षा में दो विषयों में बैक आने के बाद से वह काफी निराश और मानसिक दबाव में रहने लगा था।

बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले अभिजीत ने घर से अलग और एकांत में रहकर पढ़ाई करने की इच्छा जताई थी। पिता की सहमति मिलने के बाद उसने कोहका स्थित पीजी में कमरा किराए पर लिया था। उसे वहां शिफ्ट हुए करीब 10 दिन ही हुए थे। इस दौरान वह महज पांच दिन ही पीजी में रुका था।

घटना के दिन अभिजीत के परिजन किसी जरूरी काम से भिलाई आए थे। मेडिकल स्टोर से दवाइयां लेने के बाद वे बेटे से मिलने उसके पीजी पहुंच गए। वहां कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। परिजनों ने कई बार दरवाजा खटखटाया और अभिजीत को 10 से 15 बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

इसके बाद घबराए परिजनों ने पीजी में रहने वाले अन्य छात्रों को इसकी जानकारी दी। छात्रों ने खिड़की से टॉर्च की रोशनी डालकर अंदर देखा तो अभिजीत कमरे में पंखे से लटका मिला।

सूचना मिलने पर स्मृतिनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे की जांच और पंचनामा कार्रवाई के दौरान सुसाइड नोट बरामद किया। इसमें अभिजीत ने अपने माता-पिता से माफी मांगी है। गुरुवार को शव को सुपेला अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रीसेंट पोस्ट्स